भोंपूराम खबरी। उत्तराखंड में चक्रवात ‘अर्नब’ और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के नौ जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और झोंकेदार हवाओं के साथ बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, चंपावत और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। यमुनोत्री और केदारनाथ के आसपास ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पिछले दो दिनों से बर्फबारी हो रही है। मौसम विभाग ने शनिवार को भी ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिरने की संभावना जताई है।
सीएम ने अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए
मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शासन और जिला प्रशासन के अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी जिलों में आपदा प्रबंधन की तैयारियां पूरी रखने, संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने और आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत-बचाव की व्यवस्था तैयार रखने को कहा है।
देहरादून में 50 किमी की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
राजधानी देहरादून में शनिवार को आंशिक बादल छाए रहेंगे। कहीं-कहीं हल्की बारिश या गरज के साथ बौछार पड़ सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। शहर का न्यूनतम तापमान करीब 14 डिग्री और अधिकतम 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
कोटद्वार में पेड़ गिरने से एक की मौत, दूसरा घायल
शुक्रवार को गढ़वाल से कुमाऊं तक मौसम का असर देखने को मिला। प्रदेश के सभी जिलों में रुक-रुककर बारिश हुई, जबकि यमुनोत्री और केदारनाथ में बर्फबारी से पहाड़ी इलाकों में ठंड बढ़ गई।
अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम
31 अक्टूबरः कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश और झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना।
1 नवंबरः कुछ स्थानों पर आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। कोई बड़ा अलर्ट नहीं है।
2 नवंबर: ज्यादातर इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा। शाम के समय
आंशिक बादल छा सकते हैं।




