Saturday, October 31, 2026

कुमायूं युवा प्रेस क्लब ने 18वीं बार मनाई सरदार पटेल की जयंती, गंगवार बोले- युवा पीढ़ी महापुरुषों के आदर्शों को अपनाए

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर कुमायूं युवा प्रेस क्लब ने अपनी वर्षों पुरानी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए लगातार 18वीं बार जयंती समारोह का आयोजन किया। आवास विकास स्थित मीडिया ग्रुप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में क्लब केंद्रीय अध्यक्ष सौरभ गंगवार एवं केंद्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष गुरबाज सिंह ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर जयंती मनाई और उनके जीवन, संघर्ष तथा राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया।

इस अवसर पर क्लब केंद्रीय अध्यक्ष सौरभ गंगवार ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, दृढ़ इच्छाशक्ति और एकजुटता की भावना का प्रतीक है। उन्होंने अपनी कुशल नेतृत्व क्षमता और दूरदर्शिता के बल पर देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में उनका योगदान सदैव याद किया जाएगा।

 

गंगवार ने कहा कि कुमायूं युवा प्रेस क्लब पिछले 18 वर्षों से लगातार सरदार पटेल की जयंती मनाता आ रहा है। इसका उद्देश्य केवल महापुरुषों की जयंती मनाना नहीं, बल्कि उनके विचारों और आदर्शों को समाज तथा नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को अपने महापुरुषों के इतिहास और उनके संघर्षों से परिचित होना चाहिए। सरदार पटेल के जीवन से हमें एकजुटता, दृढ़ संकल्प और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा मिलती है। समाज के विकास के लिए सभी को आपसी मतभेद भुलाकर मिलकर कार्य करना चाहिए।

 

क्लब के केंद्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष गुरबाज सिंह ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल जैसे महापुरुषों का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। देश की एकता और अखंडता के लिए उनके द्वारा किए गए कार्य भारतीय इतिहास में विशेष महत्व रखते हैं। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को महापुरुषों के जीवन, उनके संघर्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पण की जानकारी देना जरूरी है, ताकि युवा उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर देश और समाज के विकास में योगदान दे सकें।

कार्यक्रम के दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विचार व्यक्त किए गए कुमायूं युवा प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने कहा कि महापुरुषों की जयंती के आयोजन के माध्यम से समाज में राष्ट्रप्रेम, एकता, अखंडता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का प्रयास आगे भी जारी रहेगा।

कार्यक्रम में मनीष ग्रोवर,बलवीर सिंह, धीरेंद्र वर्मा,बादल गंगवार,सिमरप्रीत सिंह आदि लोग मौजूद थे।।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.