भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। जिला बार एसोसिएशन ऊधम सिंह नगर के आगामी चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। वार्षिक आम सभा में सर्वसम्मति से अधिवक्ता खड्ग सिंह विर्क को मुख्य चुनाव अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, अधिवक्ता अजय नारायण यादव और सुश्री अनिता सक्सेना को सहायक चुनाव अधिकारी चुना गया है। इनके नेतृत्व में वर्ष 2026-27 की कार्यकारिणी के चुनाव संपन्न कराए जाएंगे।
जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर स्थित बार सभागार में बुधवार को जिला बार एसोसिएशन की वार्षिक आम सभा आयोजित की गई। अध्यक्ष संजीव फोगाट की अध्यक्षता और सचिव जसवंत सिंह के संचालन में हुई बैठक में एसोसिएशन के वर्ष 2025-26 का लेखा-जोखा कार्यकारिणी की ओर से सदन के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इस दौरान संगठन के कामकाज और विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक का प्रमुख निर्णय आगामी चुनाव को लेकर रहा। सदन में चुनाव प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए मुख्य और सहायक चुनाव अधिकारियों के चयन का प्रस्ताव रखा गया, जिसे उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी। इसके साथ ही आगामी कार्यकारिणी के गठन की चुनावी प्रक्रिया की जिम्मेदारी तय हो गई।
आम सभा में उपाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह बिट्टा, कलेक्ट्रेट उपाध्यक्ष लोकेन्द्र सिंह, उपसचिव मनोज सामंत, कोषाध्यक्ष कुलबीर सिंह, लेखा परीक्षक गिरिराज कुमार और पुस्तकालयाध्यक्ष गिरीश चंद्र चतुर्वेदी समेत कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे। वरिष्ठ अधिवक्ताओं और बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने भी बैठक में प्रतिभाग किया।





