Friday, November 20, 2026

विधायक बेहड़ ने जनसंवाद के चौथे दिन 2.10 करोड़ के 11 विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास, बुवाई के समय किसानों को खाद उपलब्ध न करा पाना सरकार की विफलता : बेहड़

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,किच्छा। ग्रामीण जनसंवाद कार्यक्रम के चौथे दिन विधायक तिलक राज बेहड़ ने ग्राम भंगा, सतुईया, पुलभट्टा, दोपहरिया, पन्तपुरा, अंजनिया एवं पटेरी सहित विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान विधायक ने लगभग 2 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत के 11 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

बेहड़ ने किच्छा-पुलभट्टा-सतुईया मोटर मार्ग के निर्माण कार्य का लोकार्पण किया, जिसकी लागत 69.96 लाख रुपये है। वहीं ग्राम दोपहरिया में श्मशान घाट तक जाने वाले 900 मीटर लंबे सड़क मार्ग के निर्माण कार्य, लम्बाई 1.68 किलोमीटर लागत 62.05 लाख रुपये है तथा ग्राम भंगा में 1500 मीटर मोटर मार्ग के पीसी द्वारा नवीनीकरण कार्य, जिसकी लागत 55.16 लाख रुपये है, का शिलान्यास किया।

इसके अतिरिक्त विधायक निधि से निर्मित ग्राम सतुईया में 3.03 लाख रुपये, पुलभट्टा में 1.79 लाख रुपये तथा ग्राम दोपहरिया में 3.80 लाख रुपये की लागत से निर्मित सड़क का लोकार्पण किया। ग्राम अंजनिया में दो सड़कों पर 5.66 लाख रुपये एवं दो अन्य सड़कों पर 5.92 लाख रुपये तथा ग्राम पटेरी में 2.96 लाख रुपये की लागत से निर्मित सड़क का भी लोकार्पण किया गया। सभी कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास ग्रामीणों की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

ग्रामीण जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान किसानों ने विधायक तिलक राज बेहड़ को खाद की किल्लत से अवगत कराते हुए बताया कि इस समय फसलों की बुवाई का महत्वपूर्ण समय चल रहा है, लेकिन किसानों को आवश्यक खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है। खाद के लिए किसानों को इधर-उधर भटकना पड़ रहा है, जिससे बुवाई का कार्य प्रभावित हो रहा है।

किसानों की समस्या सुनकर विधायक बेहड़ ने प्रदेश सरकार के प्रति कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि एक ओर सरकार किसानों की आय दोगुनी करने और उनके हितों की बड़ी-बड़ी बातें करती है, वहीं दूसरी ओर बुवाई के महत्वपूर्ण समय में किसानों को खाद तक उपलब्ध नहीं करा पा रही है। यह सरकार की व्यवस्थागत विफलता और किसान विरोधी सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया और लंबी कतारों से जूझना पड़ रहा है, जबकि बुवाई का समय होने के कारण उन्हें समय पर खाद मिलनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। बुवाई के समय खाद की किल्लत किसानों के साथ अन्याय है। किसानों का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी किसान विरोधी सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने का समय आ गया है।

ग्राम भंगा में जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक बेहड़ ने कहा कि भंगा से उनका पुराना जुड़ाव रहा है। वर्ष 1991 से उन्होंने चुनाव लड़ना प्रारंभ किया और लगातार चार बार इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने कहा कि भंगा में हाईस्कूल की स्थापना, सड़क निर्माण और सिंचाई के लिए ट्यूबवेल सहित अनेक विकास कार्य उनके पूर्व कार्यकाल में कराए गए थे।

उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं, खाद की उपलब्धता और बिजली के बढ़ते बिलों को लेकर वह लगातार आवाज उठा रहे हैं। ग्रामीणों की इन समस्याओं को संबंधित स्तर पर उठाया जाएगा।

 

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के कई विद्यालयों को जूनियर से हाईस्कूल तथा हाईस्कूल से इंटर कॉलेज में उच्चीकृत करने के लिए शासन को कई बार पत्र भेजे गए, लेकिन किच्छा विधानसभा के किसी भी विद्यालय का उच्चीकरण नहीं हो पाया। भंगा के ग्रामीणों की इंटर कॉलेज की मांग पर उन्होंने कहा कि इस दिशा में लगातार प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने शंकर फार्म तक सड़क निर्माण के संबंध में बताया कि सड़क का चयन एवं टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, लेकिन नाबार्ड से बजट की शेष धनराशि उपलब्ध नहीं होने के कारण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। बजट मिलते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।

कार्यक्रम में किच्छा नगर पालिका अध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह, किच्छा नगर पालिका अध्यक्ष सईदुल रहमान, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गुलशन सिंधी, जिला पंचायत सदस्य गुरदास कालड़ा,पिंटू प्रधान,डाक्टर त्रिमल, अमन कश्यप प्रधान, टीकाराम गंगवार , शंकर राठौड़, प्रेमपाल,रजत गंगवार,शकील,इमरान,दुर्गा प्रसाद, डॉक्टर नेमचंद गंगवार,बनवारी लाल ,राजेंद्र कुमार ,नरेंद्र कश्यप ,दुर्गा प्रसाद,रिंका,गीता, पूर्व ब्लॉक प्रमुख दलजीत सिंह,शिशुपाल, धर्मेंद्र, सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.