भोंपूराम खबरी। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी सावित्री देवी का उत्तराखंड के पौड़ी जिले में बीमारी के कारण 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन पर देश के तमाम नेताओं ने शोक जताया और श्रद्धांजलि व्यक्त की।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट किया, “उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की पूजनीय माताजी, सावित्री देवी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। एक माँ का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल निधि होती है। उनका जाना परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। मैं बाबा केदारनाथ से प्रार्थना करता हूं कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और माननीय योगी जी तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।”
यूपी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने जताया शोक
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सीएम योगी आदित्यनाथ की माताजी के निधन पर दुख जताया। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, “उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की पूजनीय माताजी, सावित्री देवी जी का निधन अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। एक मां का दुनिया से चले जाना जीवन में एक ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई कभी नहीं की जा सकती। दुख की इस कठिन घड़ी में, मेरी गहरी संवेदनाएं माननीय मुख्यमंत्री जी और शोक संतप्त पूरे परिवार के साथ हैं। मैं प्रभु श्री राम से प्रार्थना करता हूँ कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और माननीय मुख्यमंत्री जी तथा परिवार के सभी सदस्यों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।”
गोरखपुर में अपनी मां के निधन की खबर मिलने के बावजूद, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनसेवा और युवा कल्याण के प्रति समर्पित रहे। अपने निजी दुख को एक तरफ रखते हुए, मुख्यमंत्री ने युवाओं के साथ अपने पूर्व-निर्धारित कार्यक्रमों को प्राथमिकता दी, जो राज्य की जनता के प्रति उनके समर्पण को दर्शाता है।





