भोंपूराम खबरी,भोंपूराम खबरी रुद्रपुर। दीपावली के त्योहार पर बाजार में खरीदारी करने आने वाले लोगों को जाम और पार्किंग की समस्या से राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। महापौर विकास शर्मा ने गुरुवार को नगर निगम और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ त्रिशूल चौक से डीडी चौक तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण एवं नाला निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क किनारे अव्यवस्थित ढंग से खड़ी फल एवं अन्य सामान की ठेलियां देखकर महापौर ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को सड़क किनारे जमा मिट्टी और निर्माण सामग्री हटाकर तत्काल सफाई कराने तथा ठेलियों को निर्धारित स्थान पर व्यवस्थित रूप से लगवाने के निर्देश दिए।
महापौर ने कहा कि त्योहार के दौरान व्यापारियों और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी नहीं होनी चाहिए। सड़क निर्माण पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, ऐसे में अतिक्रमण अथवा अव्यवस्थित कारोबार के कारण नई सड़कों को नुकसान पहुंचाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने बताया कि त्रिशूल चौक से डीडी चौक तक सड़क निर्माण का काफी काम पूरा हो चुका है। सड़क किनारे जमा मिट्टी हटाकर क्षेत्र को साफ करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद यहां पार्किंग की व्यवस्था विकसित की जाएगी, जिससे त्रिशूल चौक से वेंडिंग जोन तक लोगों को अपने वाहन खड़े करने के लिए पर्याप्त स्थान मिल सकेगा।
उन्होंने बताया कि गांधी पार्क के समीप निर्माणाधीन सड़क के पास भी पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। इन व्यवस्थाओं से दीपावली के दौरान बाजार में वाहनों का दबाव कम करने और जाम की समस्या से राहत दिलाने में मदद मिलेगी। महापौर ने स्पष्ट किया कि सड़कों पर बेतरतीब ढंग से वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर यातायात व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी।
महापौर विकास शर्मा ने ठेली संचालकों से व्यवस्था बनाने में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि नगर निगम किसी को रोजगार से वंचित नहीं करना चाहता, लेकिन कारोबार के नाम पर सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण भी स्वीकार नहीं किया जाएगा। ठेली संचालकों को अपनी दुकानें निर्धारित स्थान पर ही लगानी होंगी।
उन्होंने कहा कि ठेली का स्वरूप ठेली जैसा ही रहना चाहिए, उसे सड़क पर शोरूम की तरह फैलाकर नहीं चलाया जा सकता। नई बनी या निर्माणाधीन सड़कों को खोदने और क्षति पहुंचाने से सरकारी धन की बर्बादी होती है। नगर निगम की ओर से जहां स्थान निर्धारित किया जाएगा, वहीं ठेली लगानी होगी। जो लोग व्यवस्था बनाने में सहयोग करेंगे, नगर निगम भी उनके हितों का ध्यान रखेगा।
महापौर ने बताया कि शहरवासियों और स्थानीय व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर स्वदेशी दीपावली मेले का आयोजन भी किया जा रहा है। मेला 4 नवंबर से विधिवत शुरू होगा, जहां लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न प्रकार के सामान उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। इससे त्योहार की खरीदारी को सुविधाजनक बनाने के साथ स्थानीय कारोबार को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
महापौर ने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि शहर के सभी नागरिक, व्यापारी और छोटे दुकानदार मिलकर दीपावली का त्योहार उल्लास के साथ मनाएं। इसके लिए सफाई, पार्किंग, यातायात और बाजार की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे नगर निगम का सहयोग करें, ताकि रुद्रपुर में त्योहार के दौरान स्वच्छता बनी रहे और लोगों को जाम तथा अव्यवस्था का सामना न करना पड़े।
इस दौरान नामित पार्षद राजन राठौर, वार्ड संख्या 40 के पार्षद बीनू, वार्ड संख्या 1 के पार्षद पवन राणा, वार्ड संख्या 35 के पार्षद इंद्रजीत, पार्षद संघ के अध्यक्ष राजेश जग्गा, नगर निगम के जेई शुभम चौहान, गौरव जुयाल, आशीष यादव तथा समाजसेवी गुरमीत सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।




