Thursday, October 29, 2026

एसटीएफ और दूरसंचार विभाग की संयुक्त कार्रवाई: 21 दिन में 45 हजार से अधिक इंटरनेशनल कॉल, काशीपुर में अवैध कॉल सेंटर का भंडाफोड़

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,काशीपुर। एसटीएफ की साइबर क्राइम कुमाऊं यूनिट ने काशीपुर में अवैध इंटरनेशनल कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। एनएच इंटरप्राइजेज के नाम से संचालित इस टेलीकॉम सेटअप के जरिये आईएलडी गेटवे को बाईपास कर रोबो कॉलिंग की जा रही थी। जांच में महज 21 दिन के भीतर 45,453 आउटगोइंग कॉल किए जाने का खुलासा हुआ है। मामले में एसटीएफ ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

तकनीकी इनपुट मिलने के बाद एसटीएफ की साइबर क्राइम कुमाऊं यूनिट ने दूरसंचार विभाग की टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई की। जांच के दौरान सामने आया कि सेटअप में एसआईपी कनेक्शन का इस्तेमाल कर अंतरराष्ट्रीय कॉलिंग की जा रही थी। मौके पर कंप्यूटर सिस्टम की जांच में लिनक्स आधारित वर्चुअल मशीन, फ्री पीबीएक्स लॉगिन, रिमोट एक्सेस सॉफ्टवेयर और एसएसएच क्लाइंट से जुड़े डिजिटल साक्ष्य मिले। इसके अलावा व्हाट्सएप चैट में एसआईपी ट्रंक और एसआईपी केबल को लेकर बातचीत भी मिली है।

कार्रवाई के दौरान टीम ने एक कंप्यूटर, तीन जियो राउटर, एक एयरटेल राउटर, पेन ड्राइव, मोबाइल फोन और अन्य नेटवर्किंग उपकरण बरामद किए। मामले में साइबर क्राइम थाना कुमाऊं, रुद्रपुर में नईमुद्दीन निवासी मनकुआ मकसूदपुर, थाना डिलारी, मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 61(2), आईटी एक्ट की धारा 66सी, 66डी और दूरसंचार अधिनियम की धारा 42(1) व 42(3) के तहत कार्रवाई की गई है।

एसटीएफ के अनुसार, पिछले एक माह में अवैध टेलीकॉम सेटअप से जुड़े तीन मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर चार आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। इस मामले में अन्य संभावित सहयोगियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.