Thursday, October 29, 2026

बर्फ की सफेद चादर में लिपटे बाबा केदार… बदरीनाथ-गंगोत्री में भी बर्फबारी

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदलने से पहाड़ों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक ठंड बढ़ने लगी है। गुरुवार को केदारनाथ, बदरीनाथ और गंगोत्री धाम में बर्फबारी हुई, जबकि ऋषिकेश, पौड़ी, श्रीनगर और कोटद्वार समेत कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट आने से ठंड का असर बढ़ गया है।

विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में सुबह से ही मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी थी। इसके बाद धाम और आसपास की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई। पहाड़ियां बर्फ की सफेद चादर से ढक गई हैं। तीन दिन पहले भी यहां बर्फबारी हुई थी। दोबारा बर्फ गिरने से धाम में ठिठुरन बढ़ गई है। बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालु बर्फबारी के बीच प्राकृतिक नजारों का आनंद ले रहे हैं, हालांकि गिरते तापमान के कारण उन्हें कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने धाम में अलाव की व्यवस्था की है।

मौसम में लगातार हो रहे बदलाव को देखते हुए प्रशासन ने केदारनाथ यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से सावधानी बरतने की अपील की है। यात्रियों को गर्म कपड़े, जैकेट, टोपी, दस्ताने और जरूरी दवाइयां साथ रखने की सलाह दी गई है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने श्रद्धालुओं से यात्रा पर रवाना होने से पहले मौसम की जानकारी लेने और संबंधित विभागों की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा है, ताकि बदलते मौसम के बीच यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी से बचा जा सके।

 

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.