Thursday, April 23, 2026

यहां हुई पुलिस नाकाम, स्ट्रीट डाग्स शेरू और राकी ने ढूंढा लापता महिला का शव

Share

भोंपूराम खबरी,फरीदाबाद   कबूलपुर कालोनी से 15 अप्रैल को लापता हुई महिला को ढूंढने में पुलिस की तो हीला-हवाली रही । इस पर महिला के स्वजन स्वयं ही ढूंढने निकले। उन्हें महिला का निर्वस्त्र हालत में शव ही मिल सका।

अब शव को ढूंढने में अहम भूमिका निभाई गली के ही दो कुत्तों शेरू और राकी ने। इन दोनों स्ट्रीट डाग्स ने मृतक महिला के प्रति जो अपनी वफादारी दिखाई है, उसकी खूब चर्चा है। दरअसल 15 अप्रैल को जब घर से बिजली बिल भरने के लिए निकली महिला वापस नहीं लौटी तो पुलिस को सूचित करने के बाद परिवार वाले उसे स्वयं ही ढूंढने के लिए लगातार इधर- उधर भटक रहे थे। दो दिन बाद 17 अप्रैल को महिला की तलाश हो रही थी तो स्ट्रीट डाग शेरू और राकी परिवार के सदस्यों के साथ-साथ चलते रहे, मानो उन्हें कुछ पता हो ।

महिला के स्वजन जब मोहला गांव के पास एक सुनसान इलाके से निकल रहे थे तो दोनों कुत्ते अचानक झाड़ियों की ओर तेजी से भागे । परिवार के लोग अभी वहां तक पहुंचे भी नहीं थे कि कुत्तों ने एक साड़ी ढूंढ निकाली। साड़ी लापता महिला की ही थी । इस पर परिवार वालों ने महिला की आसपास तलाश शुरू की। वहां नाले में जलकुंभी इतनी ज्यादा फैली हुई थी कि पानी के भीतर कुछ भी साफ दिखाई नहीं दे रहा था। स्वजन के अनुसार तभी शेरू ने बिना झिझक नाले में छलांग लगा दी। उसके इस व्यवहार ने सभी को चौंका दिया। जैसे ही शेरू पानी में गया, जलकुंभी हटी तो महिला के पैर दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।

Read more

Local News

Translate »