Monday, August 17, 2026

यहां शादी में दूल्हे ने निकाली लाइसेंसी पिस्टल… धड़ाधड़ चली गोलियां, पुलिस ने मामले का लिया संज्ञान

Share

भोंपूराम खबरी। उत्तराखंड में शादी की खुशियों के बीच लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग करना एक दूल्हे को भारी पड़ गया। समारोह में फायरिंग करते हुए उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी दूल्हे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

मामला हरिद्वार जिले के कनखल थाना क्षेत्र का है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक वाटिका फार्म में आयोजित शादी समारोह के दौरान दूल्हा पिस्टल से फायरिंग करता नजर आ रहा था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इसकी जांच शुरू की। जांच में फायरिंग करने वाले युवक की पहचान योगेश कुमार निवासी टांडा मेहतौली, सुल्तानपुर, थाना लक्सर के रूप में हुई।

पुलिस के मुताबिक, 26 जुलाई को लक्सर रोड स्थित एक वाटिका फार्म में योगेश कुमार की शादी की पार्टी आयोजित की गई थी। इसी दौरान उसने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से बिना अनुमति फायरिंग की। वीडियो में वह एक के बाद एक फायर करता दिखाई दे रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। कनखल थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच में युवक की पहचान योगेश कुमार के रूप में हुई। शादी समारोह के दौरान लाइसेंसी पिस्टल से बिना अनुमति फायरिंग किए जाने की पुष्टि के बाद उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 30 आयुध अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि लाइसेंसी हथियार होने का मतलब यह नहीं है कि उसे सार्वजनिक समारोह में मनमाने तरीके से इस्तेमाल किया जा सकता है। शादी समारोह में इस तरह फायरिंग करना नियमों का उल्लंघन है और इससे कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। शादी में रौब दिखाने के लिए की गई फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर डालना अब दूल्हे के लिए परेशानी का सबब बन गया है।

Read more

Local News

Translate »