Monday, August 17, 2026

आईटीबीपी जवान प्रदीप कुमार की पठानकोट में हुए दर्दनाक ट्रेन हादसे में मौत

Share

भोंपूराम खबरी। उत्तराखंड के चमोली जिले से दुखद खबर सामने आई है। अमरनाथ यात्रा की ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे डुंग्री (नारायणबगड़) गांव निवासी आईटीबीपी जवान प्रदीप कुमार की पठानकोट में हुए दर्दनाक ट्रेन हादसे में मौत हो गई। रविवार को जवान का पार्थिव शरीर नारायणबगड़ स्थित पैतृक घाट पहुंचा, जहां सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।

जानकारी के अनुसार, 35 वर्षीय प्रदीप कुमार पुत्र पातीराम आईटीबीपी की 23वीं बटालियन, सीमा द्वार देहरादून में तैनात थे। अमरनाथ यात्रा में ड्यूटी पूरी करने के बाद वह वापस लौट रहे थे। इसी दौरान शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे पठानकोट रेलवे स्टेशन के पास हुए हादसे में उनकी जान चली गई।

जवान की मौत की खबर मिलते ही परिवार और गांव में मातम पसर गया। रविवार को जब तिरंगे में लिपटा प्रदीप कुमार का पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचा तो परिजन अंतिम दर्शन कर भावुक हो उठे। मां-पिता और अन्य परिजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया।

प्रदीप कुमार को अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रवासी भी पैतृक घाट पहुंचे। नम आंखों के साथ लोगों ने देश की सेवा करने वाले वीर जवान को अंतिम विदाई दी। जवान की शहादत से पूरे नारायणबगड़ क्षेत्र में शोक की लहर है

 

Read more

Local News

Translate »