
भोंपूराम खबरी,रुद्रप्रयाग। श्री केदारनाथ धाम के पूर्व मुख्य पुजारी वेदमूर्ति श्री गुरुलिंग जी महाराज हीरेमठ के निधन का समाचार मिलते ही धाम से जुड़े श्रद्धालुओं और संत समाज में शोक व्याप्त हो गया है। उन्होंने लगभग 80 वर्ष की आयु में बेंगलुरु में अंतिम सांस ली।

गुरुलिंग जी महाराज का परिवार कई पीढ़ियों से बाबा केदारनाथ की सेवा से जुड़ा रहा है। उन्होंने स्वयं लगभग 40 वर्षों तक श्री केदारनाथ धाम में पुजारी और मुख्य पुजारी के दायित्व का निर्वहन किया। इस लंबे समय में उन्होंने न सिर्फ धाम की परंपराओं को निष्ठा के साथ निभाया, बल्कि दूर-दूर से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को भी आध्यात्मिक मार्गदर्शन दिया। उनके कार्यकाल को बाबा केदार के प्रति समर्पण और सेवा भाव का प्रतीक माना जाता है।
उनके निधन की सूचना मिलते ही केदारनाथ धाम के तीर्थ पुरोहितों, स्थानीय लोगों और भक्तों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि गुरुलिंग जी महाराज का पूरा जीवन बाबा की सेवा में समर्पित था। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी धाम की मर्यादा और पूजा पद्धति को बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इस दुखद अवसर पर श्रद्धालुओं ने बाबा केदारनाथ से प्रार्थना की है कि वे अपने परम सेवक की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। साथ ही शोक संतप्त परिवार और समस्त भक्त समुदाय को इस अपार क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।



