Friday, January 16, 2026

किच्छा की धार्मिक व सामाजिक शख्सियत श्रीमती संतोष अग्रवाल का हुआ निधन

Share

भोंपूराम खबरी,किच्छा।  किच्छा नगर से एक अत्यंत दुःखद समाचार सामने आया है। नगर के प्रतिष्ठित व्यापारी एवं हनुमान राइस मिल के स्वामी श्री सुरेंद्र अग्रवाल जी की धर्मपत्नी श्रीमती संतोष अग्रवाल का आज प्रातः असामयिक निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं और आज उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से न केवल परिवार बल्कि पूरे नगर और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है।

श्रीमती संतोष अग्रवाल एक अत्यंत सरल, सौम्य एवं धार्मिक प्रवृत्ति की महिला थीं। वे गृहिणी होने के साथ-साथ धार्मिक कार्यों, सामाजिक आयोजनों और सेवा भाव से जुड़े कार्यों में सक्रिय रूप से भाग लेती थीं। धार्मिक अनुष्ठानों, जरूरतमंदों की सहायता तथा समाज सेवा में उनकी विशेष रुचि रही। उनके व्यवहार और संस्कारों के कारण वे समाज में विशेष सम्मान रखती थीं।

उनके आकस्मिक निधन से परिवार गहरे सदमे में है। वे अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। उनके बड़े पुत्र पुनीत अग्रवाल, आकांक्षा ऑटोमोबाइल्स के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों का उनके आवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए तांता लगा हुआ है।

श्रीमती संतोष अग्रवाल के निधन पर नगर के व्यापारिक, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों से जुड़े लोगों सहित आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। अनेक लोगों ने उनके आवास पर पहुंचकर श्रद्धा सुमन अर्पित किए और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

नगरवासियों ने कहा कि श्रीमती संतोष अग्रवाल का जीवन सादगी, सेवा और धार्मिक मूल्यों का प्रतीक था, जिसकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी। उनके निधन को किच्छा नगर के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है।

स्वर्गीय श्रीमती संतोष अग्रवाल का अंतिम संस्कार कल हापुड़ के ब्रजघाट में होगा।

 

Read more

Local News

Translate »