भोंपूराम खबरी,गदरपुर। ऑल इंडिया महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं AICC की राष्ट्रीय प्रवक्ता शिल्पी अरोरा ने मंगलवार को मीडिया कर्मियों के साथ गदरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खुल गई। अस्पताल में डॉक्टरों की कमी, गंदगी, उपकरणों की बदहाली और बुनियादी सामग्री का अभाव देखने को मिला।
शिल्पी अरोरा ने कहा कि गदरपुर का CHC खुद वेंटिलेटर पर है। जिस अस्पताल की जिम्मेदारी मरीजों को स्वस्थ करने की है, वहां की अव्यवस्थाएं मरीजों को और बीमार करने का काम कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि मानकों के अनुसार अस्पताल में कम से कम आठ डॉक्टर होने चाहिए, लेकिन निरीक्षण के समय केवल दो डॉक्टर ही मिले। हैरानी की बात यह है कि बाल रोग विशेषज्ञ को ही अस्पताल का इंचार्ज बनाया गया है। अस्पताल में कोई पूर्णकालिक चिकित्सा प्रभारी नहीं है।
अस्पताल की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि लगभग 20 हजार वर्ग फीट में फैले अस्पताल में सफाई के लिए केवल एक फुल टाइम और एक पार्ट टाइम कर्मचारी है। परिसर में जगह-जगह मिट्टी, धूल और गंदगी के ढेर लगे थे। मरीजों के लिए स्वच्छ वातावरण की बुनियादी जरूरत तक पूरी नहीं हो रही है।
निरीक्षण में सैनिटाइजर और स्पिरिट जैसी बुनियादी चीजें भी नहीं मिलीं। शिल्पी अरोरा ने कहा कि अगर एक डॉक्टर एक मरीज को देखने के बाद दूसरे मरीज को देखे और हाथ साफ करने के लिए सैनिटाइजर ही न हो तो संक्रमण का खतरा कितना गंभीर होगा, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। इंजेक्शन लगाने के बाद सफाई के लिए भी जरूरी सामग्री उपलब्ध होनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि एक्स-रे कक्ष में मरीजों के लिए साफ गाउन नहीं था। वहां खून से सना और गंदा गाउन मिला। स्ट्रेचर पर मिट्टी जमी थी और उस पर झाड़ू रखी हुई थी। यह स्थिति अस्पताल की लापरवाही और मरीजों की गरिमा के प्रति उदासीनता को दर्शाती है।
शिल्पी अरोरा ने कहा कि अस्पताल में कई मेडिकल उपकरण मौजूद हैं, लेकिन टेक्नीशियन नहीं होने से उनका उपयोग नहीं हो पा रहा है। सरकारी धन से खरीदे गए उपकरण मरीजों के काम आने के बजाय निष्क्रिय पड़े हैं और रखरखाव के अभाव में खराब हो रहे हैं, जंग खा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पांच इंजन की सरकार का दावा किया जाता है, जिसमें प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक और चेयरमैन तक शामिल हैं। फिर भी गदरपुर जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र के CHC की यह हालत सरकार और जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
शिल्पी अरोरा ने मांग की कि CHC में तत्काल पर्याप्त डॉक्टरों की नियुक्ति हो, पूर्णकालिक चिकित्सा प्रभारी लगाया जाए, पर्याप्त सफाई कर्मचारी दिए जाएं, सैनिटाइजर, स्पिरिट और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाए, सभी वार्डों में स्वच्छता सुनिश्चित हो, निष्क्रिय उपकरणों को टेक्नीशियन लगाकर चालू कराया जाए और अस्पताल का नियमित निरीक्षण कर जवाबदेही तय की जाए।
अंत में उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने तत्काल कार्रवाई नहीं की तो वह अपनी टीम के साथ स्वयं अस्पताल पहुंचकर सफाई अभियान चलाएंगी और सैनिटाइजर-स्पिरिट जैसी सामग्री दान करेंगी। उन्होंने कहा कि गदरपुर की जनता को भाषण और दावे नहीं, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं चाहिए। मरीजों को इलाज चाहिए, गंदगी और अव्यवस्थाएं नहीं।





