Monday, November 23, 2026

यहां गुलदार ने महिला को उतारा मौत के घाट

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी। उत्तराखंड में गुलदार के हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन वन्यजीवों के हमलों से ग्रामीणों की जान खतरे में पड़ रही है। ताजा घटना कोटद्वार रेंज से सटे सनेह पट्टी के कोटड़ीढांग क्षेत्र में सामने आई है, जहां गुलदार ने एक महिला पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। महिला की मौत की खबर से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है, जबकि ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।

मृतका की पहचान 42 वर्षीय कविता कोठियाल पत्नी कमल किशोर, निवासी कोटड़ीढांग, सनेह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में गुलदार की लगातार आवाजाही देखी जा रही थी। कुछ दिन पहले भी गुलदार ने एक बच्ची पर हमला कर उसे घायल कर दिया था। इस घटना के बाद ग्रामीणों की शिकायत पर वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के साथ ही गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया था।

इसके बावजूद गुलदार के हमले में महिला की जान चली गई। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत के साथ वन विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी भी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता लगातार बनी हुई है और इस कारण ग्रामीणों को अपनी सुरक्षा की चिंता सता रही है।

महिला पर हमले की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंच गए। प्रशासन की टीम भी मौके के लिए रवाना हुई। घटना के बाद ग्रामीणों ने क्षेत्र में गुलदार की निगरानी बढ़ाने, उसे पकड़ने के लिए प्रभावी कदम उठाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.