भोंपूराम खबरी,किच्छा। नगर पालिका परिषद के नव निर्वाचित अध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में किच्छा शहर की तस्वीर बदलने की दिशा में प्रयास तेज हो गए हैं। इसी क्रम में नगर के प्रमुख महाराणा प्रताप चौक और पंडित दीनदयाल उपाध्याय चौक का सौन्दर्यीकरण कर उन्हें नया और आकर्षक स्वरूप दिया गया है। दोनों चौकों के सौन्दर्यीकरण कार्य का विधायक तिलक राज बेहड़ और पालिकाध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह ने फीता काटकर विधिवत लोकार्पण किया।
गौरतलब है कि इससे पहले दोनों चौकों पर पोस्टर और बैनर लगे होने के कारण इनकी सुंदरता प्रभावित हो रही थी। नगर पालिका की ओर से इन चौकों का सौन्दर्यीकरण कर उन्हें व्यवस्थित और आकर्षक बनाया गया है। इसके साथ ही नगर के डिवाइडरों की मरम्मत और रंगाई-पुताई कराई गई है। दीपावली के पर्व को देखते हुए शहर के विभिन्न स्थानों पर रंग-बिरंगी लाइटें लगाकर नगर को रोशनी से सजाया गया है।
विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि महाराणा प्रताप और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जैसे महापुरुषों के नाम पर बने चौकों का सौन्दर्यीकरण कराना सराहनीय पहल है। इससे न केवल नगर की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि महापुरुषों के प्रति सम्मान भी प्रदर्शित होगा। उन्होंने कहा कि लंबे समय से बदहाल पड़े चौकों को नया स्वरूप देने का कार्य किया गया है। किच्छा के विकास में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। विधायक निधि और नगर पालिका के आपसी समन्वय से नगर के विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
पालिकाध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह ने कहा कि नगर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाना उनकी प्राथमिकता है। इसी दिशा में नगर पालिका द्वारा महाराणा प्रताप चौक और पंडित दीनदयाल उपाध्याय चौक का सौन्दर्यीकरण कराया गया है। इसके साथ ही स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को दुरुस्त करने, डिवाइडरों की मरम्मत और रंगाई-पुताई का कार्य भी कराया गया है, ताकि शहर की सुंदरता में निखार आए। उन्होंने कहा कि नगर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। आने वाले समय में भी जनसुविधाओं और नगर के सौन्दर्यीकरण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका परिषद के कर्मचारी, कांग्रेस के सभासद और अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।




