भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम, रुद्रपुर में आयोजित राज्य स्तरीय विद्यालयी शिक्षा एथलेटिक्स प्रतियोगिता–2026 में उत्तराखंड सरकार के दर्जा राज्यमंत्री श्री सुरेश कोली ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभावान खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया तथा उनका उत्साहवर्धन कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर श्री सुरेश कोली ने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, समर्पण और संघर्ष की भावना को मजबूत करने का सशक्त माध्यम हैं। प्रदेश के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता है उन्हें उचित मंच, बेहतर प्रशिक्षण और प्रोत्साहन प्रदान करने की।
उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी के कुशल नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार खेलों एवं खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश सरकार का संकल्प है कि उत्तराखंड के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएँ, बेहतर प्रशिक्षण एवं आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर उपलब्ध हों, ताकि वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए देवभूमि उत्तराखंड का नाम गौरवान्वित कर सकें।
श्री कोली ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी खिलाड़ियों की मेहनत, लगन एवं खेल भावना की सराहना करते हुए कहा कि हार और जीत खेल का हिस्सा हैं, लेकिन निरंतर प्रयास और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की असली पहचान है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि प्रदेश की युवा खेल प्रतिभाएँ ही भविष्य में उत्तराखंड को खेलों के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएँगी।




