भोंपूराम खबरी,गदरपुर। रविवार की बीती रात करीब 11 बजे महेंद्र पेट्रोल पंप पर तेल डलवाने के दौरान मामूली कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया। विवाद में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बजरंग दल के अध्यक्ष रवि कश्यप और उसके भाई को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया।
वहीं, कोतवाली में भी जमकर हंगामा हुआ, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।जानकारी के अनुसार, रवि कश्यप अपने भाई के साथ कार में सवार होकर पेट्रोल पंप पर तेल डलवाने पहुंचा था। इसी दौरान समीर नाम का युवक भी पिकअप वाहन लेकर पेट्रोल पंप पर पहुंचा। आरोप है कि समीर ने अपने वाहन से डिपर मारकर कार को आगे करने का इशारा किया। यह बात रवि कश्यप को नागवार गुजरी और वह अपनी कार से उतरकर पिकअप चालक से उसका ड्राइविंग लाइसेंस मांगने लगा। समीर ने लाइसेंस दिखा भी दिया, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद रवि कश्यप ने उसके साथ अभद्रता शुरू कर दी और मारपीट पर उतारू हो गया। आरोप है कि रवि ने समीर के साथ मारपीट की। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे मयूर नाम के व्यक्ति के साथ भी मारपीट की गई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मयूर का एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों भाइयों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई। पुलिस जब दोनों का मेडिकल कराने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गदरपुर ले जाने लगी तो रवि के भाई ने कोतवाली में हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि उसने पुलिस की मौजूदगी में एक विशेष समुदाय के खिलाफ अभद्र और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। इतना ही नहीं, हंगामे के दौरान उसने अपनी शर्ट तक फाड़ ली। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों का मेडिकल परीक्षण कराया। फिलहाल पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। पेट्रोल पंप पर मारपीट के बाद पुलिस हिरासत में कोतवाली पहुंचे दोनों भाइयों का विवाद यहीं थमता नजर नहीं आया। मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाने के दौरान रवि कश्यप और उसके भाई ने कोतवाली परिसर में जमकर हंगामा किया। हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सवाल यह है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने वाली पुलिस की मौजूदगी में आखिर इस तरह का व्यवहार करने की नौबत कैसे आई?




