भोंपूराम खबरी। सड़क दुर्घटनाओं पर लगेगी लगाम! एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस व संबंधित विभागों ने तैयार की ठोस कार्ययोजना। दुर्घटना प्रभावित एवं संभावित स्थलों का पुलिस, यातायात पुलिस, एआरटीओ एवं एनएचएआई की संयुक्त टीम ने किया स्थलीय निरीक्षण*
शहर में चार प्रमुख मार्गों से भारी वाहनों के आवागमन पर प्रातः 07 बजे से रात्रि 10 बजे तक रहेगा प्रतिबंध, स्ट्रीट लाइट, अनाधिकृत कट बंद करने, रंबल स्ट्रिप लगाने एवं यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने सहित लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देशानुसार, पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात, ऊधम सिंह नगर तथा क्षेत्राधिकारी नगर रुद्रपुर के पर्यवेक्षण में दिनांक 24 अक्टूबर 2026 को थाना पुलिस, यातायात पुलिस, एआरटीओ एवं भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की संयुक्त टीम द्वारा जनपद के दुर्घटना प्रभावित एवं दुर्घटना संभावित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान सड़क दुर्घटनाओं के संभावित कारणों, यातायात व्यवस्था, सड़क सुरक्षा संबंधी आवश्यकताओं तथा दुर्घटना संभावित स्थलों पर किए जाने वाले सुधारात्मक उपायों के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से संयुक्त टीम द्वारा सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
*सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय*
*1. दुर्घटना प्रभावित एवं संभावित स्थलों पर लगाई जाएंगी स्ट्रीट लाइट*
➡️ जनपद के सभी दुर्घटना प्रभावित एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए स्ट्रीट लाइट लगाए जाने का निर्णय लिया गया, ताकि रात्रि के समय वाहन चालकों को सड़क एवं आसपास की स्थिति स्पष्ट दिखाई दे और दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।
*2. सभी अनाधिकृत कट किए जाएंगे बंद*
➡️ सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए सभी अनाधिकृत कटों को बंद किए जाने पर सहमति बनी। इससे गलत दिशा से वाहनों के प्रवेश तथा अचानक सड़क पर आने-जाने के कारण उत्पन्न होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने में मदद मिलेगी।
*3. तिराहा-चौराहों एवं कटों के समीप लगाई जाएंगी पीली पट्टीदार रंबल स्ट्रिप*
➡️ वाहन चालकों को तिराहा – चौराहों एवं कटों के समीप पहुंचने से पहले सतर्क करने तथा वाहनों की गति नियंत्रित करने के उद्देश्य से पीली पट्टीदार रंबल स्ट्रिप लगाए जाने का निर्णय लिया गया। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार संबंधित स्थलों पर 5-5 मीटर की रंबल स्ट्रिप लगाकर कुल 15 मीटर तक इसकी व्यवस्था किए जाने पर सहमति बनी।
*4. रुद्रपुर शहर में चार प्रमुख मार्गों से भारी वाहनों का आवागमन रहेगा प्रतिबंधित*
➡️ शहरी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, जाम की स्थिति को नियंत्रित करने तथा सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने के उद्देश्य से प्रातः 07:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक निम्नलिखित मार्गों से रुद्रपुर शहर की ओर भारी वाहनों का आवागमन आंशिक रूप से प्रतिबंधित रहेगा, जबकि सायं 06:00 बजे से 08:00 बजे तक उक्त मार्ग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इस अवधि के अतिरिक्त केवल उन्हीं कंपनियों के पासधारकों को आवागमन की अनुमति होगी, जिनकी कंपनियाँ नगर क्षेत्र के अंतर्गत स्थित हैं।
– *सिडकुल चौक से रुद्रपुर शहर की ओर।*
– *राधा स्वामी सत्संग से रुद्रपुर शहर की ओर।*
* *रामपुर बॉर्डर से रुद्रपुर शहर की ओर।*
– *काशीपुर रोड स्थित एमेनिटी स्कूल से रुद्रपुर शहर की ओर।*
➡️ उक्त व्यवस्था का उद्देश्य शहर में भारी वाहनों के प्रवेश को नियंत्रित करना तथा आमजन के लिए सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
*5. गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध होगी कठोर कार्रवाई*
➡️ यातायात नियमों का उल्लंघन कर गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वाहन चालकों से अपील की जाती है कि वे निर्धारित दिशा में ही वाहन चलाएं तथा अपनी और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा का ध्यान रखें।
*6. दोपहिया वाहन चालक एवं पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए हेलमेट अनिवार्य*
➡️ सड़क दुर्घटनाओं के दौरान सिर में चोट लगने से होने वाली गंभीर क्षति को रोकने के उद्देश्य से दोपहिया वाहन चालकों एवं पीछे बैठने वाले व्यक्ति द्वारा हेलमेट का प्रयोग सुनिश्चित कराने पर जोर दिया गया। हेलमेट न पहनने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध यातायात नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
*7. मुख्य मार्गों से आवारा पशुओं को हटाने के लिए गठित होगी नगर निगम की मोबाइल टीम*
➡️ मुख्य मार्गों पर आवारा पशुओं के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए नगर निगम की मोबाइल टीम गठित किए जाने का निर्णय लिया गया। इस पहल के माध्यम से मुख्य मार्गों से आवारा पशुओं को हटाने तथा यातायात को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
*सड़क सुरक्षा के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वित प्रयास*
➡️ एसएसपी अजय गणपति के निर्देशानुसार ऊधम सिंह नगर पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक सुधारात्मक उपायों पर कार्यवाही की जा रही है। संयुक्त टीम द्वारा किए गए स्थलीय निरीक्षण का उद्देश्य दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना, यातायात नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना तथा आमजन के लिए सुरक्षित आवागमन का वातावरण तैयार करना है।
*ऊधम सिंह नगर पुलिस की अपील*
➡️ समस्त वाहन चालकों से अपील है कि यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं, गलत दिशा में वाहन चलाने से बचें तथा दोपहिया वाहन पर चालक और पीछे बैठने वाला व्यक्ति हेलमेट का प्रयोग अवश्य करें। शहर में भारी वाहनों के आवागमन से संबंधित निर्धारित प्रतिबंधों का पालन करें तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस एवं संबंधित विभागों का सहयोग करें।
*सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि अनमोल जीवन की रक्षा का संकल्प है।*




