Sunday, October 25, 2026

एलायंस फेस-2 में गड्ढामुक्त सड़क अभियान का मेयर ने लिया जायजा

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लिए नगर निगम का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में महापौर विकास शर्मा ने एलायंस फेस-2 में सड़कों की मरम्मत के लिए चल रहे अभियान का जायजा लिया। इस दौरान कॉलोनीवासियों ने महापौर का स्वागत करते हुए सड़क सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों पर आभार व्यक्त किया।

निरीक्षण के दौरान महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने का अभियान चलाया जा रहा है। लक्ष्य है कि 30 अक्टूबर तक शहर की सड़कों के गड्ढे भर दिए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल अस्थायी मरम्मत तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जहां नई सड़कों की आवश्यकता है, वहां हॉटमिक्स सड़कें भी बनाई जाएंगी।

महापौर ने बताया कि एलायंस क्षेत्र में कई स्थानों पर सड़कें खराब हैं। इन समस्याओं को देखते हुए मुख्य मार्ग के साथ फेस-3 की एक अन्य सड़क को भी नया बनाया जाएगा। इसके अलावा खुशी इन्क्लेव और गुलमोहर पार्क की सड़कों का भी हॉटमिक्स से निर्माण कराया जाएगा। पार्षदों और स्थानीय नागरिकों से मिलने वाले सुझावों के आधार पर विभिन्न क्षेत्रों में सड़क सुधार के कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार और नगर निगम का उद्देश्य शहर के प्रत्येक क्षेत्र तक विकास पहुंचाना है। सड़क सुधार का यह अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त नहीं कर दिया जाता। इसके बाद एक नवंबर से नई सड़कों के निर्माण का कार्य शुरू करने की योजना है।

महापौर ने बताया कि नगर निगम ने सभी 40 वार्डों में नई सड़कों के निर्माण और डामरीकरण के लिए सूची तैयार की है। इसमें फूलसुंगी की मुख्य सड़क, वार्ड-16 के विभिन्न मार्ग, नंद विहार, शक्ति विहार, सनातन स्कूल वाली गली, स्कूल के निकट स्थित एक अन्य सड़क और सिंह कॉलोनी की सड़कें शामिल हैं। मटकोटा के धर्मपुर क्षेत्र, लोक विहार और प्रीत विहार सहित उन क्षेत्रों में भी सड़क निर्माण कराया जाएगा, जहां हॉटमिक्स के कारण काम रुका हुआ था।

उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले 15 से 20 दिनों में शहर के विभिन्न हिस्सों में सड़क निर्माण और डामरीकरण के कार्य दिखाई देने लगेंगे। महापौर ने बताया कि इसके साथ ही 11.50 करोड़ रुपये के अतिरिक्त विकास कार्यों के लिए जारी टेंडरों पर भी काम शुरू किया जाएगा। इन कार्यों में सीसी सड़कें, नालियां, सामुदायिक केंद्र और पार्कों का निर्माण एवं विकास शामिल है। डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क के विकास पर भी काम किया जाएगा।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि शहर में यातायात का दबाव कम करने के लिए सड़कों का विस्तारीकरण और नए संपर्क मार्ग विकसित करना आवश्यक है। अटरिया चौक से इंदिरा कॉलोनी तक प्रस्तावित सड़क शहर के कई क्षेत्रों को जिला मुख्यालय से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। लगभग 30 फीट चौड़ी इस सड़क से भूरारानी, छतरपुर, मटकोटा, सिंह कॉलोनी और एलायंस क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। इससे मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी।

उन्होंने बताया कि गंगापुर रोड के चौड़ीकरण का शासनादेश जारी हो चुका है, जबकि भूरारानी रोड के चौड़ीकरण का प्रस्ताव भी आगे बढ़ाया जा रहा है। इसके अतिरिक्त भगवाड़ा से सिडकुल को जोड़ने वाले मार्गों और नहरों को कवर कर नए बाईपास एवं मिनी बाईपास विकसित करने की संभावनाओं पर भी काम किया जा रहा है।

महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में नगर निगम विकास कार्यों को गति दे रहा है। शहर की सड़कों का विस्तार, बेहतर यातायात व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं का विकास उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि विकास के साथ रुद्रपुर की संस्कृति और विरासत को संरक्षित रखना भी जरूरी है।

इस अवसर पर राजकुमार मुंजाल, सचिन मुंजाल, कमल, इशा, सानिया अरोड़ा, दिलीप इशपूजानी, प्रभु कक्के सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.