Saturday, October 24, 2026

यहां रिटेनिंग वॉल निर्माण के दौरान मलबे में दबकर दो श्रमिकों की हुई मौत

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,नैनीताल जिले के भीमताल क्षेत्र के मेहरा गांव में रिटेनिंग वॉल के निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। निर्माण कार्य के समय अचानक ऊपर से मलबा गिरने से दो श्रमिकों की दबकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य श्रमिक घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने निर्माण कार्य से जुड़े मालिक और ठेकेदार के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, गुरुवार 22 अक्टूबर को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि मेहरा गांव में रिटेनिंग वॉल निर्माण के दौरान मलबा गिरने से श्रमिक दब गए हैं। सूचना पर भीमताल कोतवाली पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, क्षेत्राधिकारी भवाली अंजना नेगी और प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र कुमार सहित पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य किया।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, श्रमिक रिटेनिंग वॉल का बेस तैयार कर रहे थे। इसी दौरान ऊपर से अचानक मलबा गिर गया, जिसकी चपेट में आने से दो श्रमिकों की मौके पर ही दबकर मौत हो गई, जबकि नेत्र बहादुर उर्फ संजू घायल हो गया। घटना दोपहर करीब 2:30 से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है। घायल श्रमिक को डायल 112 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भीमताल भेजा गया। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान गौरी देवी (38), पत्नी महेंद्र, और हरीश थापा (18), पुत्र दीपक थापा, के रूप में हुई है। दोनों का संबंध मूल रूप से नेपाल के राजापुर क्षेत्र से बताया गया है और वे वर्तमान में भीमताल क्षेत्र में रह रहे थे। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर एक झोपड़ी में दोनों के शव मिले। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों और मृतकों के परिजनों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य एकत्र कराए हैं। हादसे के कारणों और निर्माण कार्य से जुड़ी परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि निर्माण कार्य के मालिक और ठेकेदार के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.