
भोंपूराम खबरी,देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करने आने वाले हैं. उनके उत्तराखंड दौरे की तैयारियां जोरों से चल रही हैं. जहां एक ओर पुलिस प्रशासन विभाग सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने का रोड मैप में तैयार कर चुका है, तो वहीं दूसरी ओर स्वास्थ्य और परिवहन विभाग की ओर से भी तमाम रणनीतियां तैयार की गई हैं. पीएम की जनसभा में आने वाले लाभार्थियों के लिए परिवहन विभाग 2300 बसों की व्यवस्था कर रहा है. सभी अन्य संबंधित विभाग भी अपने-अपने तरीके से व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर रहे हैं.

प्रधानमंत्री मोदी के दौरे की जोरदार तैयारी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को उत्तराखंड दौरे पर आ रहे हैं. पीएम मोदी इस दौरे के दौरान उत्तराखंड- उत्तर प्रदेश बॉर्डर पर मौजूद मां डाट काली मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करेंगे. दरअसल, दिल्ली-देहरादून एलिवेटेड एक्सप्रेसवे करीब 11,970 करोड़ रुपए की लागत से तैयार हुआ है. ये एक्सप्रेसवे 210 किलोमीटर लंबा है. इस एक्सप्रेसवे से देहरादून से दिल्ली जाने वाले यात्री महज ढाई घंटे में दिल्ली पहुंच जाएंगे. इसके साथ ही पीएम मोदी उत्तराखंड की हजारों करोड़ रुपए की तमाम परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी करेंगे. इनमें 1000 मेगावाट क्षमता वाले टिहरी पंप स्टोरेज प्लांट, पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार और बनबसा लैंड पोर्ट शामिल है. इसके बाद प्रधानमंत्री देहरादून के गढ़ीकैंट स्थित महिंद्रा ग्राउंड में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे.
देहरादून में पीएम की जनसभा होगी: उत्तराखंड में आगामी साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक विशाल जनसभा होने जा रही है. ये जनसभा देहरादून के गढ़ीकैंट स्थित महिंद्रा ग्राउंड में होनी है, जिसको लेकर सरकार और संगठन तैयारी में जुटे हुए हैं. पीएम मोदी का यह दौरा आगामी चुनाव को लेकर चुनावी शंखनाद के रूप में भी देखा जा रहा है. क्योंकि चुनावी वर्ष में राजनीतिक पार्टियों की तैयारी तेज हो जाती हैं तो यही वजह है कि पीएम मोदी के दौरे से संगठन को काफी अधिक उम्मीदें हैं. संगठन का मानना है कि पीएम के इस दौर से भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह और अधिक बढ़ेगा, जिससे वो आगामी चुनाव के मद्देनजर ग्राउंड जीरो पर और अधिक बेहतर ढंग से काम करेंगे.
पीएम मोदी के दौरे के लिए विभागों ने की तैयारी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस दौरे को लेकर सभी संबंधित विभाग तैयारियों को अंतिम रूप देने की कवायद में जुटे हुए हैं. इसी क्रम में उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी पीएम दौरे को लेकर तमाम व्यवस्थाएं की जा रही हैं. स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार-
पीएम दौरे के दौरान डॉक्टर्स की 11 टीम और तीन एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस की तैनाती की जाएंगीपीएम दौरे के दृष्टिगत, पीएम के रूट और कार्यक्रम स्थल के नजदीक मौजूद दो अस्पतालों को कॉन्फिडेंस हॉस्पिटल चिन्हित किया गया हैजो कार्यक्रम तय किए गए हैं उसके अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रोड शो के जरिए महिंद्रा ग्राउंड पहुंचेंगे, जहां वो एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगेपीएम मोदी के रोड शो के दौरान चार जगहों पर चार डॉक्टर्स की टीम तैनात की जाएगीरोड शो के दौरान एक एडवांस लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस की भी तैनाती रहेगीजीटीसी हेलीपैड पर एक डॉक्टर्स की टीम और एक एएलएस एम्बुलेंस तैनात रहेगीजौलीग्रांट एयरपोर्ट पर एक डॉक्टर्स की टीम और एक एएलएस एम्बुलेंस की तैनाती का प्लान हैमहिंद्रा ग्राउंड में चार डॉक्टर्स की टीमों को तैनात किया जाएगाएक एएलएस एम्बुलेंस और एक डॉक्टर्स की टीम को रिज़र्व में रखा जाएगा
सभी अस्पतालों को जरूरी निर्देश: पीएम मोदी के दौरे के दौरान अत्यधिक लोगों की भीड़ को देखते हुए रोड शो मार्ग के दायरे में आने वाले सभी अस्पतालों को भी जरूरी तैयारियां करने के निर्देश दिए गए हैं. इनमें उत्तराखंड दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय भी शामिल है.
पीएम की जनसभा में आने वाले लाभार्थियों के लिए लगेंगी 2300 बसें: स्वास्थ्य विभाग की तरह ही परिवहन विभाग ने भी लाभार्थियों को जनसभा स्थल तक पहुंचाने की रणनीति तैयार कर ली है. परिवहन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार- देहरादून और हरिद्वार जिले से करीब 2300 बसों/ मैक्सी के जरिए लाभार्थियों जनता और स्कूली/ कॉलेज के बच्चों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाया जाएगा. इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में लाभार्थियों और जनता के आने की संभावना है, जिसके लिए भी वहां के जिला प्रशासन की ओर से बसों की व्यवस्था की जा रही है. कुल मिलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस जनसभा को सफल और ऐतिहासिक बनाए जाने को लेकर हजारों बसों के जरिए लाभार्थियों, जनता और बच्चों को ग्राउंड तक पहुंचाया जाएगा.
आरटीओ ने बताया पूरा प्लान: आरटीओ अनीता चमोला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को देहरादून आ रहे हैं. ऐसे में आयोजित कार्यक्रम में तमाम विभागों के लाभार्थियों के साथ ही स्कूल कॉलेज के छात्र-छात्राओं को भी प्रतिभाग करना है. इसके लिए परिवहन विभाग को परिवहन की व्यवस्था करने के लिए नोडल बनाया गया है. ऐसे में इन सभी को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए बसों और मैक्सी की व्यवस्था की जा रही है. अनीता चमोला ने कहा कि-
विभागों, स्कूलों और कॉलेजों से देहरादून में 1500 से 1600 बसों की डिमांड आई है. इसी तरह हरिद्वार जिले में भी 600 से 700 वाहनों की आवश्यकता होगी, जिसकी व्यवस्था की जा रही है. बसों की जरूरत को पूरा करने के लिए परिवहन निगम से भी 300 बसों की डिमांड की गई है.
-अनीता चमोला, आरटीओ (प्रवर्तन), देहरादून-
पीएम मोदी का उत्तराखंड से है विशेष लगाव: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड दौरे के सवाल पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है. ऐसे में उनके प्रधानमंत्री बनने के बाद उत्तराखंड राज्य में तमाम योजनाएं आगे बढ़ी हैं. चारधाम ऑल वेदर रोड बनी है. एम्स के बेहतर संचालन और नए एम्स का बनना, हेली कनेक्टिविटी का विस्तार, माणा गांव को प्रथम गांव की संज्ञा दी, शीतकालीन यात्रा को प्रमोट करने के साथ ही पीएम हमेशा ही राज्य का प्रोत्साहन और राज्य को सहयोग करते हैं. सीएम धामी ने कहा कि-
प्रधानमंत्री अपने 14 अप्रैल को होने वाले दौरे के दौरान उत्तराखंड राज्य को बड़ी सौगात देने वाले हैं. दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का पीएम शुभारंभ करेंगे. इससे देहरादून से दिल्ली जाने और दिल्ली से देहरादून आने वाले लोगों को काफी सहूलियत होगी.
-पुष्कर सिंह धामी, सीएम, उत्तराखंड-




