Saturday, September 5, 2026

यहां बोरवेल में गिरे ठेकेदार की हुई मौत

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,हरिद्वार। हरिद्वार के श्यामपुर थाना क्षेत्र के कांगड़ी गांव में बोरवेल के गड्ढे में गिरने से 55 वर्षीय ठेकेदार मनोहर सिंह दस घंटे तक गड्ढे में ही दबा रहा। कड़ी मशक्कत के बाद मनोहर को गड्ढे से बाहर निकालकर मेला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मनोहर सिंह हैंडपंप लगाने का कार्य करता था और उसने गली नंबर छह में हैंडपंप का बोरिंग करने का ठेका लिया हुआ था। शुक्रवार को निर्माणाधीन मकान में करीब 27 फुट तक बोरिंग का काम करने के बाद मनोहर गड्ढे में नीचे उतरा था। मनोहर गड्ढे में नोजल ठीक रहा था कि तभी अचानक से मिट्टी की ढांग गिर गई। मनोहर संभलने से पहले ही मिट्टी के नीचे दब गया। साथ में काम कर रहा श्रमिक अमित भी कुछ समझ नहीं पाया। सुबह करीब 10:40 बजे हादसा हुआ और करीब 11 बजे पुलिस मौके पर पहुंची।

 

हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। कड़ी मशक्कत के बाद मनोहर को करीब शाम 8:45 बजे गड्ढे से बाहर निकाला गया और जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। श्यामपुर थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है। एसडीएम जितेंद्र कुमार ने बताया कि रेस्क्यू अभियान चैलेंजिंग था, क्योंकि बार बार मिट्टी नीचे धंसकर गड्ढे में गिर रही थी। संयुक्त टीम के प्रयास से मनोहर को बाहर निकाला जा सका। पूरे मामले की जांच कराई जाएगी।

एनडीआरएफ के इंस्पेक्टर तिरेपन सिंह रावत ने बताया कि मौके पर आकर देखा तो कई फुट गहरा और चार मीटर गोलाई के गड्ढा था। जेसीबी की मदद से बोरवेल के गड्ढे के बराबर में दूसरा गड्ढा खोदा गया। लेकिन आवश्यकता पड़ने पर पोकलैंड मशीन बुलाई गई। मजदूर अमित ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब साढ़े दस बजे की यह हादसा हो गया।

मनोहर सिंह अपने क्षेत्र में एक अनुभवी हैंडपंप मैकेनिक के रूप में जाना जाता था। उसे तीस वर्षों का अनुभव था। लोगों का कहना है कि उसने कई बार जोखिम भरे हालात में भी काम किया, लेकिन इस बार किस्मत ने साथ नहीं दिया। लोग उसके काम और व्यवहार को याद कर भावुक नजर आए।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.