Monday, August 31, 2026

भाजपा प्रदेश प्रभारी ने कार्यकर्ता परिचय सम्मेलन में किया प्रतिभाग

Share

 
रूद्रपुर। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री, राज्य सभा सांसद एवं उत्तराखण्ड प्रभारी दुष्यंत गौतम का पहली बार नगर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। गौतम ने यहां एक होटल में कार्यकर्ता परिचय सम्मेलन में प्रतिभाग कर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि जनसंघ की स्थापना देश में इसलिए करनी पड़ी कि विभाजन के बाद सत्तारूढ़ कांग्रेस की जो गलत नीतियाँ रही उसके चलते देश में राष्ट्रवाद की भावना विकसित करना जरूरी थी। आगे चलकर जनसंघ ने भारतीय जनता पार्टी का रूप लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता राजनीतिक के बजाय सामाजिक सोच ज्यादा रखता है। कोरोना काल में भाजपा कार्यकर्ताओं घर-घर जाकर समाज सेवा का अनूठा उदाहरण पेश किया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रवादी व्यक्ति ही भाजपा की सदस्यता लेता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की गलत नीतियों के परिणाम स्वरूप देश की अर्थव्यवस्था खराब है जिसे सुधारने का प्रयास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कर रहे हैं। आज देश की सीमायें पूरी तरह सुरक्षित है। सेना आज ईंट का जवाब पत्थर से देने के लिए हर समय तैयार है। किसान आंदोलन पर उन्होंने कहा कि कृषि कानून किसानों के हित में है। आज जिन क़ानूनों पर विपक्ष किसानों को गुमराह कर रहा है। इन्हीं बिलों की पैरवी करने वाले सबसे पहले शरद पवार, मुलायम सिंह, सोनिया गांधी, राहुल गांधी जैसे लोग थे। आज जब ये बिल कानून बन चुके हैं तो इन्हीं लोगों को दिक्कत हो रही है।
इस मौके पर प्रदेश महामंत्री संगठन अजय ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ है। उन्होंने कहा कि सबको बूथ लेवल पर चिंतन करना चाहिए। इसके लिए पार्टी बाक़ायदा अभियान चला रही है। अब प्रत्येक कार्यकर्ताओं को अपने नाम का परिचय देने के साथ-साथ अपने पोलिंग बूथ एवं वोटर आईडी का भी परिचय देना अनिवार्य है।
भाजपा जिलाध्यक्ष शिव अरोरा ने प्रदेश प्रभारी के आगमन पर आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री अरविंद पाण्डेय. पूर्व सांसद बलराज पासी,  विधायक पुष्कर सिंह धामी, दर्जा प्राप्त मंत्री राजेश सिंह, राजकुमार गिरी, विवेक सक्सेना, हिमांशु बिष्ट, उत्तम दत्ता, अनिल चौहान, ललित मिगलानी, शैली फुटेला, राकेश सिंह, संजय ठुकराल, सुरेश कोली, गजेंद्र प्रजापति, राजेंद्र श्रीधर, चंद्रसेन कोली, आदि मौजूद थे ।

Read more

Local News

Translate »