Monday, August 31, 2026

बिल्डर के खिलाफ राज्य आन्दोलनकारी धरने पर 

Share

भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। पंतनगर औद्योगिक आस्थान स्थित एक आवासीय कालोनी के बिल्डर पर उपभोक्ताओं को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद के बैनर तले लोगों ने कालोनी के गेट पर धरना दिया। वक्ताओं का कहना था कि बिल्डर द्वारा उत्तराखंड के मूल निवासियों को प्लाट बेचने के नाम पर सरकार के आदेशों का उल्लंघन किया जा रहा है।

परिषद के अध्यक्ष अवतार सिंह बिष्ट ने कहा कि दिल्ली के एक बड़े बिल्डर द्वारा विकसित की जा रही इस कालोनी में खरीद-फरोख्त पर सरकार ने रोक लगा रखी है। इस बिल्डर पर सरकार का लगभग सत्तर करोड़ रूपया बकाया है। लेकिन बावजूद इसके प्रॉपर्टी डीलरों के माध्यम से ग्राहकों को लुभाते हुए प्लाट व मकान बेचे जा रहे हैं। कब्जा लेने के लिए कई उपभोक्ता इस कंपनी के नोएडा कार्यालय के चक्कर लगाते मानसिक उत्पीड़न का शिकार हो चुके हैं। इससे पहले भी इस बिल्डर ने मेट्रोपोलिस मॉल में दुकान आवंटन के नाम पर शहर के प्रतिष्ठित लोगों को ठगने का कार्य किया था। यह राज्य गठन की मूल भावना के खिलाफ है और इस बिल्डर का राज्य आंदोलनकारियों में जबरदस्त विरोध है। इसी के परिणाम स्वरूप एक दिवसीय धरना दिया गया। लोगों ने जिला प्रशासन को भी आगाह किया है कि बिल्डर पर कार्रवाई कर कालोनी में पूर्ण रूप से खरीद-फरोख्त पर विराम लगाया जाए। धरने में जानकी गोस्वामी, अनिल जोशी, अखंड प्रताप सिंह, विनीत कुमार, मोहन पांडे, ललित कांडपाल, विक्की पाठक, संजय अरोरा, प्रकाश पुजारी, जगदीश बोहरा आदि शामिल थे।

वहीं धरने को मेट्रोपोलिस रेजिडेंशियल वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष देवेन्द्र शाही और उनकी कार्यकारिणी ने भी समर्थन दिया।

Read more

Local News

Translate »