Monday, August 31, 2026

बढ़ती महंगाई एवं बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं के विरोध में कांग्रेस का धरना 

Share

भोंपूराम खबरी, रुद्रपुर।  बढ़ती महंगाई एवं बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं के विरोध में महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा पूर्व मंत्री तिलकराज बेहड़ के नेतृत्व में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने गांधी पार्क में महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष बैठ धरना भी दिया।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। बेहड़ ने कहा कि केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण देश महंगाई से जूझ रहा है। डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस के दाम आसमान पर पहुंच चुके हैं। रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं। स्थिति यह है कि महंगाई के कारण आम आदमी का जीना दुश्वार हो गया है। यही नहीं कोरोना महामारी से जूझते देश में स्वास्थ्य सेवाएँ पटरी से उतर चुकी हैं। इलाज के अभाव में लोग मर रहे हैं। केंद्र सरकार आम जनता को वैक्सीन, ऑक्सीजन, बेड और यहाँ तक कि दवाई देने में भी असफल साबित हुई है। पूर्व पालिकाध्यक्ष मीना शर्मा ने कहा कि जनता को महंगाई से राहत दिलाने व बुनियादी सेवाएं देने के नाम पर भाजपा ने केंद्र में सरकार बनाई थी। लेकिन पूरा देश महंगाई की मार से जूझ रहा है। बेरोजगारी बढ़ गई है। गरीबी मिटाने के नाम पर गरीब को मिटाया जा रहा है। देश का किसान सड़कों पर आंदोलन को विवश है। बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था के कारण जनता परेशान है। आने वाले दिनों में देश की जनता इसका जवाब देगी। धरने पर कांग्रेस नगर अध्यक्ष जगदीश तनेजा, ब्लाक अध्यक्ष दिनेश पन्त, अनिल शर्मा, अरुण पाण्डेय, राजेंद्र निषाद मोनू आदि भी बैठे।

Read more

Local News

Translate »