Monday, August 31, 2026

नवरात्रों में सजा फलों का बाजार

Share

भोंपूराम खबरी रुद्रपुर। नवरात्रि के मद्देनजर फल बाजार में दोगुने का विस्तार हो चुका है। रुद्रपुर के सब्जी मंडी स्थित फल बाजार से लेकर सभी कॉलोनी और विशेषकर गांधी पार्क के सामने लगे फलों के ठेलों पर जुटी ग्राहकों की भीड़ नवरात्रि पर फलों का महत्त्व बताने के लिये काफी है। नवरात्रों के अलग-अलग दिन में पूजा-अर्चना के लिए अलग फलों की महत्ता बताई जाती है।

माँ दुर्गा और उनके नौ रूपों की विशेष पूजा वाला पर्व नवरात्र आज से आरंभ हो चुका है | जिसमें भक्त नौ दिनों तक सात्विक वर्जनाओं का पालन करते हुए माता की आराधना करते है। इन नौ दिनों तक पूजा के साथ उपवास का भी विशेष महत्व है।कुछ लोग पूरे नौ दिन तो कुछ प्रथम व अंतिम नवरात्र यानि दो दिन का उपवास रखते है | व्रत में ज्यादातर भक्त फलों का ही सेवन करते है। हिन्दू धर्म के इस सबसे लम्बे चलने वाले पवित्र त्यौहार के कारण इन दिनों में फलों की मांग और बिक्री दोनों बढ़ जाती है। ऐसे में फुटकर व्यापारी मुनाफे को बढ़ाने की तैयारी पहले से कर लेते है।

व्यापारियों का मानना है की बाजार में अभी और माल आना बाकी है। फल विक्रेता मनोज ने बताया की चैत्र के नवरात्रों के साथ ही गर्मी बढ़ने लगती है जिस कारण ग्राहक रसीले फलों की मांग करता है। इसके चलते बाजार में रसीले फल ज्यादा मात्रा में उपलब्ध होते हैं। उनके अनुसार फलों का स्टॉक इन दिनों दोगुना हो जाता है। फल विक्रेता किशन ने बताया कि बाजार में सभी फलों की कीमत अलग-अलग है जिसमे अंगूर 60 से 80 रुपये प्रति किलो, सफेदा आम 70 से 80 रुपये और पेरी 200 रुपये प्रति किलो, अनानास 50 से 80, मधु खरबूजा 60 से 70, तरबूज 30 और पपीता 50 रुपये प्रति किलो के भाव मिल रहा है। नवरात्रों में भक्तों की विशेष मांग वाला नारियल 30 से 50 रुपये प्रति पीस बिक रहा है। उन्होंने बताया कि मांग बढ़ने के कारण भाव में थोड़ी तेजी आना लाजिमी है।

Read more

Local News

Translate »