Monday, August 31, 2026

जिले में लगातार बढ़ रहा कोरोना का कहर, टीका उत्सव भी भी रहा फीका

Share

भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर तक देश भर में चलाया गया चार दिवसीय टीका उत्सव जिला उधम सिंह नगर में कामयाब होता नहीं दिखा। इन चार दिनों में जिले भर में मात्र 12855 लोगों का टीकाकरण हो पाया। वहीं कोरोना के लगातार बढ़ रहे मामलों से भी जिले में हडकंप मचा हुआ है।

केंद्र सरकार ने महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती (11 अप्रैल) से लेकर भीमराव आंबेडकर जयंती (14 अप्रैल) तक टीकाकरण महोत्सव मनाने का निर्णय लिया गया। इसका उद्देश्य था कि 45 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को वैक्सीन लगायी जा सके। लेकिन जिले में इस वर्ग की जनसख्या लगभग साढ़े चार लाख होने के सापेक्ष लगभग तेरह हजार लोगों को ही कोविड का टीका लग पाया। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिले में सरकारी केंद्रों में ब्लॉक वाइज कुल 10506 लोगों का टीकाकरण हुआ। जिसमें रुद्रपुर में 1690, बाजपुर में 1052, गदरपुर में 1238, जसपुर में 914, काशीपुर में 1692, खटीमा में 2711, किच्छा में 1060 और सितारगंज में 1839 लोगों का टीकाकरण किया गया। इसके अतिरिक्त जिले भर के निजी अस्पतालों में 2349 लोगों का टीकाकरण किया गया। आंकड़े स्पष्ट करते हैं कि जिले में टीका उत्सव फेल रहा है। इसके अलावा टीका लगने के बाद लोगों को बुखार, बदन दर्द, कमजोरी आदि की शिकायत भी महसूस हुई।

वहीं दूसरी ओर जिले में कोरोना के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ हरेन्द्र मलिक के अनुसार दस अप्रैल को जहाँ जिले में 254 लोग कोरोना संक्रमित थे तो वहीं 11 अप्रैल को यह संख्या 299 पहुँच गयी। टीका उत्सव के दूसरे दिन जिले में 337 मरीज थे तो 13 अप्रैल को संख्या 367 हो गयी। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार टीका उत्सव के अंतिम दिन 14 अप्रैल को जिले में कुल 440 लोग कोरोना संक्रमित हैं। इनमें रुद्रपुर में 87, बाजपुर में 32, गदरपुर में 33, जसपुर में 43, काशीपुर में 125, खटीमा में 55, किच्छा में 28 और सितारगंज में 37 मरीज शामिल हैं।

Read more

Local News

Translate »