Sunday, November 29, 2026

45 राउंड फायरिंग से दहला जंगल वन विभाग की एसओजी से भिड़े लकड़ी तस्कर

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,बाजपुर। तराई के जंगलों में लकड़ी तस्करों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे वन विभाग की एसओजी टीम पर भी गोलियां बरसाने से नहीं हिचक रहे हैं। बरहनी रेंज में सागौन की लकड़ी की तस्करी रोकने पहुंची वन विभाग की टीम और तस्करों के बीच शुक्रवार रात भीषण मुठभेड़ हो गई। तस्करों ने वनकर्मियों पर करीब 40 से 45 राउंड फायरिंग की। जवाब में वन विभाग की टीम ने भी आत्मरक्षा में 30 से 35 राउंड गोलियां चलाईं। मुठभेड़ में वन दरोगा धन सिंह अधिकारी बाल-बाल बच गए।

27 नवंबर की रात करीब 8:45 बजे तराई केंद्रीय वन प्रभाग, रुद्रपुर की बरहनी रेंज में बोर नदी जीरो पॉइंट के पास हुई। वन विभाग की एसओजी टीम को क्षेत्र में लकड़ी तस्करों की गतिविधियों की भनक लगी थी। टीम मौके पर पहुंची तो तस्करों से आमना-सामना हो गया। देखते ही देखते दोनों ओर से गोलियां चलने लगीं। तस्करों ने वन विभाग की टीम को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की।

 

अचानक हुई इस मुठभेड़ में वनकर्मियों की जान पर बन आई। वन दरोगा धन सिंह अधिकारी गोलीबारी के बीच बाल-बाल बच गए। वन विभाग की टीम ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की। दोनों ओर से हुई गोलीबारी के बीच तस्करों को पीछे हटना पड़ा।

 

बताया गया कि तस्कर अपनी तीन मोटरसाइकिलें और सागौन की लकड़ी के गिल्टे मौके पर ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। घटना के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही प्रभागीय वनाधिकारी ने अतिरिक्त वनकर्मियों को मौके पर भेजा। पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई।

मौके से तीन मोटरसाइकिलें और सागौन की लकड़ी बरामद हुई है। वन विभाग और पुलिस के अधिकारी घटनास्थल पर आवश्यक कार्रवाई में जुटे हैं। फरार तस्करों की तलाश की जा रही है। इतनी बड़ी संख्या में फायरिंग की घटना ने तराई के जंगलों में सक्रिय लकड़ी तस्करों के दुस्साहस और वनकर्मियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.