भोंपूराम खबरी,किच्छा। सुभाष कॉलोनी स्थित दुर्गा मंदिर में आयोजित दुर्गा पूजा महोत्सव का आज भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक दीप सिंह ने दीप प्रज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया। इस पावन अवसर पर उन्होंने माँ भगवती का पूजन-अर्चन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली एवं समस्त क्षेत्रवासियों के मंगलमय जीवन की कामना की।
इस अवसर पर विवेक दीप सिंह ने कहा कि दुर्गा पूजा महोत्सव हमारी सनातन संस्कृति, आस्था एवं गौरवशाली धार्मिक परंपराओं का प्रतीक है। माँ दुर्गा शक्ति, साहस एवं सत्य की विजय का प्रतीक हैं। ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव, एकता और भाईचारे की भावना को सुदृढ़ करने के साथ-साथ हमारी युवा पीढ़ी को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।
उन्होंने कहा कि किच्छा क्षेत्र में धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों की समृद्ध परंपरा रही है। इन आयोजनों के माध्यम से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा हमारी सनातन संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का अवसर मिलता है।
इस दौरान विवेक दीप सिंह ने उपस्थित श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों से आत्मीय भेंट कर सभी को दुर्गा पूजा महोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। साथ ही आयोजन के लिए मंदिर कमेटी के समस्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को एक सूत्र में पिरोने का कार्य करते हैं।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिला मंत्री श्री अक्षय अरोड़ा, मंदिर कमेटी के अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारीगण, नितेश बालाजी सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, मातृशक्ति एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
अंत में विवेक दीप सिंह ने माँ जगदम्बा से समस्त क्षेत्रवासियों के सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय जीवन की प्रार्थना की।




