भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर, नवम्बर। दिल्ली पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर में योनैक्स–सनराइज 25वीं उत्तराखण्ड राज्य सब जूनियर बैडमिंटन चैम्पियनशिप 2026 का भव्य शुभारम्भ उत्साह, ऊर्जा एवं खेल भावना के साथ हुआ। उधम सिंह नगर जिला बैडमिंटन एसोसिएशन (USNBA) के सहयोग से आयोजित यह प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 2 से 6 नवम्बर 2026 तक आयोजित की जा रही है, जिसमें उत्तराखण्ड के विभिन्न जनपदों से आए अंडर-15 एवं अंडर-17 वर्ग के सैकड़ों प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

प्रतियोगिता का शुभारम्भ मुख्य अतिथि श्री दिवेश शाशनी, आईएएस, मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ), उधम सिंह नगर द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। अपने प्रेरणादायी संबोधन में उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, समर्पण एवं निरंतर परिश्रम के साथ अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं।
इस अवसर पर दिल्ली पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर के चेयरमैन श्री सुरजीत सिंह ग्रोवर जी, उधम सिंह नगर जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री पुष्कर राज जैन तथा एसोसिएशन के सचिव श्री विष्णु सक्सेना सहित अनेक गणमान्य अतिथि, खेल अधिकारी, कोच, अभिभावक एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
अतिथियों ने अपने संबोधन में दिल्ली पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय न केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता का केंद्र है, बल्कि खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने के लिए भी निरंतर कार्य कर रहा है। विद्यालय द्वारा खिलाड़ियों को प्रदान की जा रही आधुनिक खेल सुविधाएँ एवं प्रतियोगी वातावरण युवा खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रख रहे हैं।
प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों के जोश, उत्साह और उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन ने दर्शकों का मन मोह लिया। आगामी दिनों में रोमांचक मुकाबलों के माध्यम से प्रदेश के उभरते हुए बैडमिंटन सितारे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन के साथ दिल्ली पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया है कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के लिए पूर्णतः समर्पित है। यह आयोजन प्रदेश में खेल संस्कृति को सशक्त बनाने तथा युवा खिलाड़ियों को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।
“चैम्पियन केवल विजेता नहीं होते, वे अनुशासन, समर्पण और अथक परिश्रम से तैयार किए जाते हैं।”




