Thursday, November 5, 2026

स्वदेशी दीपावली मेले में बढ़ी रौनक, खरीदारी को उमड़ रहे लोग – मुख्य विकास अधिकारी ने स्टॉलों का किया अवलोकन

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। शहर के श्रीराम पार्क में नगर निगम की ओर से आयोजित स्वदेशी दीपावली मेला-2026 अब रौनक पकड़ने लगा है। मेले में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। विभिन्न प्रकार के स्वदेशी उत्पादों से सजे स्टॉल लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। वहीं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां मेले के आकर्षण को और बढ़ा रही हैं। मेले में मिल रहे बेहतर मंच से लघु व्यापारियों में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। त्योहार की खरीदारी के साथ ही लोग स्थानीय व्यापारियों के उत्पादों को प्राथमिकता दे रहे हैं।

प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के अंतर्गत रुद्रपुर क्षेत्र के लघु व्यापारियों को प्रोत्साहन देने और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सौजन्य से नगर निगम की ओर से गत वर्ष की तरह इस बार भी इस मेले का आयोजन किया गया है। बुधवार शाम मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी मुख्य अतिथि के रूप में मेले में पहुंचे। इस दौरान महापौर विकास शर्मा ने उनका स्वागत किया तथा स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। मुख्य विकास अधिकारी ने मेले में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और वहां मौजूद लघु व्यापारियों से बातचीत कर उनके उत्पादों एवं कारोबार की जानकारी ली। उन्होंने नगर निगम की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन स्थानीय व्यापारियों को प्रोत्साहित करने के साथ ही स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने व्यापारियों को दीपावली की शुभकामनाएं भी दीं।

 

इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य दीपावली के अवसर पर लघु व्यापारियों को ऐसा बेहतर और व्यवस्थित मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपने उत्पादों की बिक्री कर सकें और त्योहार के दौरान अच्छी आमदनी अर्जित कर सकें। इसी उद्देश्य से पिछले वर्ष की तरह इस बार भी श्रीराम पार्क में भव्य दीपावली मेले का आयोजन किया गया है। इसमें 430 दुकान लगाई गई है। उन्होंने कहा कि छोटे व्यापारियों को बाजार में अपनी पहचान बनाने और ग्राहकों तक सीधे पहुंचने का अवसर मिलना चाहिए। स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी से स्थानीय कारोबार को मजबूती मिलेगी और छोटे व्यापारियों की आर्थिक स्थिति बेहतर होगी।

 

महापौर ने कहा कि दीपावली के दौरान शहर के प्रमुख बाजारों और सड़कों पर अस्थायी दुकानें एवं ठेलियां लगने से अक्सर जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। इससे आम नागरिकों, राहगीरों और खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। नगर निगम ने इस समस्या को ध्यान में रखते हुए लघु व्यापारियों के लिए श्रीराम पार्क में व्यवस्थित बाजार उपलब्ध कराया है। इससे व्यापारियों को कारोबार के लिए उचित स्थान मिलेगा और शहर की यातायात व्यवस्था भी प्रभावित नहीं होगी। नगर निगम का प्रयास है कि दीपावली का त्योहार सभी के लिए सुविधाजनक, सुरक्षित और शांतिपूर्ण रहे। उन्होंने शहरवासियों से मेले में पहुंचकर स्थानीय व्यापारियों और स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करने की अपील की।

 

मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी ने कहा कि स्थानीय लघु व्यापारियों को प्रोत्साहित करने और उन्हें अपने उत्पादों की बिक्री के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है। इस तरह के आयोजनों से छोटे कारोबारियों को सीधा लाभ मिलता है और स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी उत्पादों को अपनाना आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। नगर निगम की ओर से मेले के माध्यम से व्यापारियों और उपभोक्ताओं को एक ही स्थान पर जोड़ने का प्रयास किया गया है, जो प्रशंसनीय है।

 

कार्यक्रम के दौरान मेले के आयोजन और उसकी गतिविधियों को सोशल मीडिया एवं विभिन्न माध्यमों से जन-जन तक पहुंचाने में योगदान देने वाले पत्रकारों को भी मंच पर स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। इस दौरान नगर निगम के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, व्यापारी और बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.