भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। शहर के रमपुरा क्षेत्र में गत दिनों रात मे रोडवेज के समीप कार सवार कुछ लोगों द्वारा बेरहमी से किए गए जानलेवा हमले में घायल युवा राजेश कोली की उपचार के दौरान हुई मृत्यु से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। महज तीन माह पूर्व विवाह के बंधन में बंधे राजेश कोली की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पेशे से गाड़ी मैकेनिक राजेश अपने परिवार का सहारा था, लेकिन इस दर्दनाक घटना ने परिवार की खुशियां उजाड़ दीं।
इस हृदयविदारक घटना की जानकारी मिलने पर रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा रमपुरा के वार्ड संख्या 22 पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। विधायक ने दिवंगत राजेश कोली को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया और इस कठिन समय में परिवार को हिम्मत रखने की बात कही।
इस दौरान विधायक शिव अरोरा ने घटना पर कड़ा आक्रोश व्यक्त करते हुए दो टूक शब्दों में कहा कि राजेश कोली के साथ जिस बर्बरता और बेरहमी से मारपीट की गई, वह बेहद गंभीर और निंदनीय है। इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। दोषी पाताल में भी होंगे तो उन्हें खोजकर जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।
विधायक ने मौके से ही सीओ सिटी एवं कोतवाल रुद्रपुर से फोन पर वार्ता कर पूरे प्रकरण की हर पहलू से गंभीरता और निष्पक्षता के साथ जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि घटना में शामिल सभी आरोपितों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। दोषी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, कानून के शिकंजे से बचना नहीं चाहिए।
विधायक अरोरा ने कहा कि एक युवा, जिसकी शादी को अभी महज तीन महीने हुए थे, इस तरह की हिंसक घटना में अपनी जान गंवा बैठा। यह केवल एक परिवार की अपूरणीय क्षति नहीं, बल्कि समाज को झकझोर देने वाली घटना है। ऐसे अपराध करने वालों को कानून के तहत ऐसा कठोर दंड मिलना चाहिए, जिससे आने वाली पीढ़ियां भी इस तरह के अपराध करने से पहले सौ बार सोचें।
उन्होंने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ी है। परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर प्रभावी पैरवी की जाएगी और परिवार की हरसंभव मदद का प्रयास किया जाएगा। विधायक ने परिजनों से कहा कि वे स्वयं को अकेला न समझें, इस कठिन समय में सरकार और जनप्रतिनिधि उनके साथ हैं।
इस दौरान मंडल अध्यक्ष मुकेश पाल, पार्षद गिरीश पाल, डॉ. महेश कोली, त्रिलोक कोली, चन्द्रसेन कोली, सुदामा कोली, राज कोली, वीर पाल, शिवकारन कोली सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।




