भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाग लवाला के पास साइन बोर्ड लगाने के लिए एनएचएआई की ओर से खोदे गए गड्ढे राहगीरों के लिए मुसीबत बन गए हैं। गड्ढों को खुला छोड़ने और सड़क किनारे फैली मिट्टी का भरान नहीं होने से यहां लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। पिछले दो दिनों में इस स्थान पर कई मार्ग दुर्घटनाएं हो चुकी हैं जिनमें छह लोग घायल हो गए हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से अब तक गड्ढों को भरने और सड़क को सुरक्षित बनाने की व्यवस्था नहीं की गई है। रविवार को भी गड्ढों के चलते एक राहगीर घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल मौके पर पहुंचे। इसके बाद समाजसेवी ललित मिश्रा घायल व्यक्ति को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए।

लगातार हो रहे हादसों और विभागीय लापरवाही से नाराज पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में रविवार को स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर हंगामा किया। लोगों ने सड़क पर खोदे गए गड्ढों और बिखरी मिट्टी को दुर्घटनाओं का कारण बताते हुए तत्काल समस्या का समाधान करने की मांग उठाई। उनका कहना था कि दो दिनों के भीतर कई हादसे होने और आधा दर्जन लोगों के घायल होने के बावजूद संबंधित अधिकारियों ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। ऐसे में किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।
मौके पर पहुंचे पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने पूरे मामले से एसडीएम मनीष बिष्ट को फोन पर अवगत कराया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। गड्ढों को खुला छोड़ने और सड़क पर मिट्टी फैलने से वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। उन्होंने हादसों पर नाराजगी जताते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।
एसडीएम मनीष बिष्ट ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एनएचएआई के अधिकारियों को फोन कर तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क पर फैली मिट्टी और खुले गड्ढों की समस्या का शीघ्र समाधान कराने को कहा ताकि आगे दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
इस दौरान अंकेश्वर कुमार, जसविंदर सिंह, विजेंदर सिंह, दिनेश ढाली, सुदर्शन प्रसाद, ललित सिंह बिष्ट, राजेश कुमार, अरुण, आदि नागरिक मौजूद रहे।




