Sunday, October 25, 2026

भतीजे की मौत, चाचा का सनसनीखेज खेल!… भाई को फंसाने के लिए दी हत्या की झूठी सूचना

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी। उत्तराखंड में सनसनीखेज घटना सामने आई है। ई-रिक्शा चार्ज करते समय करंट लगने से 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मामले में किशोर के चाचा ने पुलिस को करंट लगाकर हत्या किए जाने की सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस की जांच में सूचना भ्रामक निकली। पुलिस के अनुसार, चाचा ने अपने भाई से रंजिश के चलते झूठी सूचना दी थी। उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। वहीं, पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

यह मामला रुद्रपुर के प्रीत विहार का है। फाजलपुर महरौला के वार्ड संख्या 25 स्थित प्रीत विहार निवासी राकेश चंद्रा ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। शनिवार देर रात करीब साढ़े दस बजे उनका 14 वर्षीय बेटा रमन चंद्रा ई-रिक्शा को चार्जिंग पर लगा रहा था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया और ई-रिक्शा से चिपक गया। पिता ने किसी तरह उसे छुड़ाया और जिला अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद परिजन उसे गौतम अस्पताल समेत अन्य अस्पतालों में भी ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में परिजन शव को घर ले आए।

रात 12:50 बजे पुलिस को दी हत्या की सूचना। किशोर की मौत के बाद देर रात करीब 12:50 बजे पुलिस को सूचना मिली कि उसे करंट लगाकर मार दिया गया है। सूचना मिलने पर रात्रि अधिकारी उपनिरीक्षक धीरज टम्टा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मकान मालिक छोटे लाल और पड़ोसी रिजवान अहमद से पूछताछ की। दोनों ने बताया कि किशोर की मौत ई-रिक्शा चार्ज करते समय करंट लगने से हुई है।

चाचा ने भाई से रंजिश में दी झूठी सूचना। एसएसआई महेश कांडपाल ने बताया कि पुलिस को सूचना देने वाला किशोर का चाचा अजय चंद्रा नशे की हालत में मिला। उसे थाने लाकर मेडिकल परीक्षण कराया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने अपने भाई से रंजिश के चलते करंट लगाकर हत्या किए जाने की झूठी सूचना देने की बात स्वीकार की। पुलिस उसके खिलाफ कार्रवाई कर रही है। पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव। पुलिस ने किशोर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.