Saturday, September 5, 2026

तेंदुए की दहशत खत्म: विधायक शिव अरोरा के निर्देश पर शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन, तेंदुए को सुरक्षित पकड़ा

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी। रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों में बीते दो दिनों से तेंदुए की मौजूदगी से दहशत का माहौल बना हुआ था। सिडकुल क्षेत्र स्थित नील ऑटो कंपनी के गेट के पास तेंदुआ देखे जाने की सूचना के बाद इलाके में भय व्याप्त हो गया था। इसी बीच विधायक शिव अरोरा डीएफओ, वन विभाग, प्रशासन और पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

मौके पर पहुंचते ही स्थानीय लोगों ने जानकारी दी कि गेहूं के खेत के पास तेंदुआ नजर आया है। बिना किसी देरी के विधायक शिव अरोरा वन विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सीधे खेत की ओर पहुंचे। जनप्रतिनिधि होने के नाते विधायक ने तत्परता दिखाते हुए जोखिम उठाकर स्थिति का जायजा लिया और तेंदुए के काफी करीब तक पहुंच गए।

तेंदुए की दहशत खत्म: विधायक शिव अरोरा के निर्देश पर शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन, तेंदुए को सुरक्षित पकड़ा

विधायक शिव अरोरा ने बताया कि यह स्थिति रोमांचक होने के साथ-साथ बेहद खतरनाक भी थी। उनके और तेंदुए के बीच महज कुछ कदमों का ही फासला था। उन्होंने मौके पर ही डीएफओ को स्पष्ट निर्देश दिए कि क्षेत्र की जनता की जान जोखिम में नहीं डाली जा सकती और तेंदुए को तत्काल सभी नियमों का पालन करते हुए जाल बिछाकर सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया जाए।

विधायक के निर्देश मिलते ही वन विभाग ने बिना देर किए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। जाल, पिंजरा और अन्य आवश्यक उपकरण मौके पर मंगाए गए। साथ ही तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कैमरे लगाए गए और वन विभाग की टीमों की लगातार पेट्रोलिंग कराई गई।

कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने तेंदुए को सुरक्षित पकड़कर पिंजरे में बंद कर लिया। तेंदुए के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वह आपसी संघर्ष में घायल हुआ था या किसी दुर्घटना का शिकार हुआ था। फिलहाल तेंदुए को रेस्क्यू सेंटर में रखा जाएगा, जहां पशु चिकित्सकों द्वारा उसका इलाज किया जाएगा। स्वस्थ होने के बाद उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया जाएगा।

इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान डीएफओ उमेश कुमार तिवारी, तहसीलदार दिनेश कुमार, वन दरोगा विपिन पांडेय, सिडकुल चौकी पुलिस तथा वन विभाग की पूरी टीम मौके पर मौजूद रही। तेंदुए के पकड़े जाने के बाद क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.