भोंपूराम खबरी। पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी और लालकुआं कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा के बीच शुरू हुआ विवाद अब नगर की व्यवस्थाओं पर भारी पड़ने लगा है। विवाद के विरोध में नगर पंचायत की ओर से रातभर शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था बंद रखे जाने के बाद गुरुवार सुबह सफाई व्यवस्था भी पूरी तरह चरमरा गई। नगर पंचायत के पर्यावरण मित्र काम पर नहीं पहुंचे, जिसके चलते शहर के विभिन्न स्थानों पर कूड़े के ढेर लग गए। नालियां चोक हो गईं और सड़कों पर गंदगी फैलने से नगर की स्वच्छता व्यवस्था बदहाल नजर आई।

शहर की सफाई व्यवस्था ठप होने की सूचना पर उप जिलाधिकारी रेखा कोहली नगर पंचायत कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने अधिशासी अधिकारी ईश्वर सिंह रावत के साथ बैठक कर तत्काल सफाई व्यवस्था सुचारू करने के निर्देश दिए। इसके बाद पर्यावरण मित्रों को मौके पर बुलाया गया, लेकिन उन्होंने दो टूक शब्दों में कह दिया कि जब तक कोतवाली प्रभारी निरीक्षक का स्थानांतरण नहीं किया जाता, तब तक वे सफाई कार्य शुरू नहीं करेंगे।
पर्यावरण मित्रों के इस रुख के बाद मामला और गरमा गया। फिलहाल उप जिलाधिकारी रेखा कोहली और नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी के बीच वार्ता चल रही है। वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष के समर्थन में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष नगर पंचायत कार्यालय पहुंच गए हैं। पर्यावरण मित्रों के साथ नगरवासियों ने भी अध्यक्ष के समर्थन में नारेबाजी शुरू कर दी है।
सफाई ठप होने से बीमारी फैलने का खतरा
नगर में सफाई व्यवस्था बाधित होने से जगह-जगह कूड़े के ढेर जमा हो गए हैं। नालियों में कचरा फंसने से जल निकासी प्रभावित हो रही है। सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर फैली गंदगी से उठने वाली दुर्गंध ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। यदि जल्द सफाई व्यवस्था बहाल नहीं हुई तो कूड़े के ढेरों से मच्छरों और मक्खियों का प्रकोप बढ़ सकता है। इससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी पैदा हो सकती है।
विवाद पुलिस और नगर पंचायत के बीच, परेशानी जनता के हिस्से में!
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक और नगर पंचायत अध्यक्ष के बीच शुरू हुई तकरार अब शहर की मूलभूत सुविधाओं को प्रभावित करने लगी है। रात में अंधेरे और दिन में गंदगी से जूझ रहे नगरवासियों के सामने कई तरह की परेशानियां खड़ी हो गई हैं। व्यापारियों, राहगीरों और स्थानीय लोगों को भी इसका असर झेलना पड़ रहा है।
अब सवाल यह उठता है कि आखिर इस विवाद का खामियाजा आम जनता कब तक भुगतेगी? क्या सफाई और प्रकाश जैसी बुनियादी सुविधाएं भी आपसी विवाद की भेंट चढ़ती रहेंगी? प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती नगर की व्यवस्थाओं को तत्काल पटरी पर लाने और दोनों पक्षों के बीच चल रहे विवाद का समाधान निकालने की है। नगरवासियों की निगाहें अब प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं।




