Thursday, November 12, 2026

नगला रेलवे स्टेशन पर बंद पैदल रास्ता खुलवाने और नगला वा किच्छा अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन, रेलवे अधिकारियों को बेहड़ ने महिलाओं की ओर से भेंट की चूड़ियां।

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,किच्छा। नगला, जवाहर नगर, बिंदुखत्ता एवं शांतिपुरी क्षेत्र के ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर आज नगला रेलवे स्टेशन स्थित शनि मंदिर के समीप विधायक तिलक राज बेहड़ के नेतृत्व में रेलवे विभाग के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बंद किए गए पैदल रास्ते को पुनः खुलवाने तथा नगला रेलवे स्टेशन के नीचे अंडरपास निर्माण की मांग को प्रमुखता से उठाया गया।

नगला रेलवे स्टेशन पर बंद पैदल रास्ता खुलवाने और नगला वा किच्छा अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन, रेलवे अधिकारियों को बेहड़ ने महिलाओं की ओर से भेंट की चूड़ियां।

 

इस दौरान विधायक तिलक राज बेहड़ एवं महिलाओं ने रेलवे अधिकारियों के रवैये के विरोध में प्रतीकात्मक रूप से चूड़ियां भेंट कीं। विधायक ने स्टेशन अधीक्षक एवं मौके पर मौजूद आरपीएफ इंस्पेक्टर से इन चूड़ियों को ट्रेन के माध्यम से बरेली स्थित डीआरएम कार्यालय तक पहुंचाने को कहा। उन्होंने कहा कि यदि रेलवे अधिकारी क्षेत्र की माताओं-बहनों की परेशानी नहीं समझ पा रहे हैं तो कम से कम उनके सम्मान और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रास्ते की व्यवस्था करें।

धरने को संबोधित करते हुए विधायक तिलक राज बेहड़ ने रेलवे अधिकारियों के रवैये पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि रेलवे विभाग के अधिकारी ग्रामीणों की गंभीर समस्याओं को सुनने तक के लिए तैयार नहीं हैं। दूसरी बार आंदोलन करने के बावजूद डीआरएम की ओर से वार्ता के लिए किसी जिम्मेदार अधिकारी को मौके पर नहीं भेजा गया।

बेहड़ ने कहा कि क्षेत्र की माताएं और बहनें रोजाना घास लेकर रेलवे लाइन पार करने को मजबूर हैं। कई-कई ट्रेनें रेलवे क्रॉसिंग पर खड़ी रहती हैं, ऐसे में महिलाओं और ग्रामीणों को भारी परेशानियों एवं दुर्घटना के खतरे का सामना करना पड़ता है। इसके बावजूद रेलवे अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और सरकार की ओर से इस समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।

विधायक बेहड़ ने चेतावनी देते हुए कहा कि रेलवे विभाग को 14 दिन का समय दिया जा रहा है। इस अवधि में नगला रेलवे स्टेशन के पास तथा किच्छा शहर में रेलवे फाटक के निकट अंडरपास निर्माण अथवा पैदल रास्ता खोलने तथा किच्छा अंडरपास के संबंध में स्वीकृति के पत्र उपलब्ध नहीं कराए गए तो 25 नवंबर को जिलाधिकारी कार्यालय में 24 घंटे का धरना दिया जाएगा। यदि 24 घंटे के भीतर भी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो 26 नवंबर से आंदोलन को अनिश्चितकालीन कर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि किच्छा अंडरपास की फाइल भी जिलाधिकारी के माध्यम से डीआरएम कार्यालय भेजी गई है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता के अधिकारों और क्षेत्र की समस्याओं के लिए वह लंबी लड़ाई लड़ने से पीछे नहीं हटेंगे।

बेहड़ ने क्षेत्रवासियों से आगामी आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि जब तक ग्रामीणों को उनका जायज रास्ता और अंडरपास की सुविधा नहीं मिल जाती, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।

इस दौरान किच्छा नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी नगला नगर अध्यक्ष हरिओम चौहान, जनार्दन सिंह,ललित कांडपाल,राजेन्द्र सिंह,कैलाश जोशी, जगदीश,कुंदन अधिकारी,चंदन सिंह,गोविन्द सिंह बिष्ट,नंदा बल्लभ जोशी, नवीन भट्ट ,मेजर सिंह,प्रभा लोहनी,गीता देवी,जानकी देवी,नन्द किशोर पाठक,जुबैर खान,फजील खान,इदरीश,मनोहर बाल्मीकि,मुकेश सिंहपंकज पांडे आदि अनेक लोग उपस्थित रहे

Advertisement
Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.