भोंपूराम खबरी,रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के सुमाड़ी बाजार में देर रात एक घर में गुलदार घुसने से दहशत फैल गई। गुलदार ने घर के आंगन में मौजूद पालतू कुत्ते पर हमला कर दिया। कुत्ते के रोने की आवाज सुनकर घर की महिलाएं जागीं, लेकिन अंधेरा होने के चलते उन्हें लगा कि कुत्ता और बिल्ली आपस में लड़ रहे हैं। कुछ देर बाद आवाज अचानक बंद हुई तो परिजनों को शक हुआ और वे कुत्ते को देखने पहुंचे।
इसी दौरान घरवालों को देखकर गुलदार कुत्ते को जबड़े में दबाकर बाथरूम में घुस गया। घर में मौजूद लोगों ने हिम्मत और सूझबूझ दिखाते हुए बाहर से बाथरूम का दरवाजा बंद कर दिया, जिससे गुलदार अंदर ही कैद हो गया।
गुलदार के घर में कैद होने की सूचना फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते 50 से अधिक ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। गुलदार के घर के भीतर मौजूद होने के कारण ग्रामीण पूरी रात दहशत में जागते रहे और किसी अनहोनी की आशंका से घर के आसपास पहरा देते रहे।
बताया गया कि ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी, लेकिन टीम करीब छह घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची। वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर गुलदार को ट्रैंकुलाइज किया और सुरक्षित बाहर निकाला।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कई दिनों से क्षेत्र में गुलदार की आवाजाही देखी जा रही थी। घर के भीतर गुलदार के घुसने की इस घटना ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में पिंजरा लगाने, नियमित गश्त बढ़ाने और बच्चों एवं बुजुर्गों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।





