Sunday, November 15, 2026

यहां कार अचानक आग का गोला बनी, छह लोगों की ऐसे बची जान, मची चीख-पुकार

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी। हल्द्वानी-रानीखेत मार्ग पर देर रात एक कार अचानक आग का गोला बन गई। मॉलरोड स्थित चाइना व्यू से करीब दो किलोमीटर आगे हुए इस हादसे में कार सवार छह लोगों की जान बाल-बाल बची। सभी लोग हरियाणा के करनाल निवासी बताए जा रहे हैं और रानीखेत की ओर जा रहे थे। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी कार लपटों में घिर गई। हालांकि, सवारों ने सूझबूझ दिखाते हुए तत्काल वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। हादसे में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन कार पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई।

जानकारी के मुताबिक, करनाल निवासी छह लोग कार संख्या HR 05BJ 7012 से रानीखेत आ रहे थे। देर रात उनकी कार रानीखेत-हल्द्वानी मार्ग पर चाइना व्यू से करीब दो किलोमीटर आगे पहुंची ही थी कि अचानक वाहन में आग लग गई। शुरुआती दौर में आग लगने का कारण पता नहीं चल पाया। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कार से उठती लपटों ने आसपास मौजूद लोगों को भी सकते में डाल दिया।

कार में आग लगते ही सभी छह सवार बाहर निकल आए और तत्काल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलने पर रानीखेत अग्निशमन केंद्र की टीम दमकल वाहन के साथ मौके पर पहुंची। अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, मगर तब तक वाहन बुरी तरह जल चुका था।

प्रभारी अग्निशमन अधिकारी गणेश चंद्र ने बताया कि सूचना मिलते ही अग्निशमन टीम को घटनास्थल पर भेजा गया था। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आग बुझाई। अभियान में अग्निशमन कर्मी नरेश जोशी, संदीप सिंह, महिपाल सिंह और रमेश सिंह शामिल रहे। हादसे में सभी छह लोगों के सुरक्षित बचने से बड़ा हादसा टल गया।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.