Friday, October 16, 2026

गदरपुर में अंकिता को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस का कैंडल मार्च, राज्यपाल नियुक्ति का किया विरोध

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी, *गदरपुर।* अंकिता भंडारी प्रकरण में वीआईपी के रूप में नाम सामने आए दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने के विरोध में गुरुवार शाम ब्लॉक कांग्रेस कमेटी एवं नगर कांग्रेस कमेटी, गदरपुर द्वारा कैंडल मार्च निकालकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देश पर आयोजित यह कैंडल मार्च शाम 5 बजे कंबोज धर्मशाला से प्रारंभ होकर गदरपुर पुलिस स्टेशन तक गया। हाथों में मोमबत्तियां और तख्तियां लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “अंकिता को न्याय दो”, “बेटियों के सम्मान में कांग्रेस मैदान में” और “VIP को बचाना बंद करो” जैसे नारे लगाए। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष चंदन नयाल ने कहा, “अंकिता भंडारी उत्तराखंड की बेटी थी, पूरे प्रदेश की बेटी थी। उसके हत्याकांड ने पूरे उत्तराखंड को झकझोर दिया था। उस मामले में जिसका नाम वीआईपी के तौर पर लगातार सामने आ रहा है, आज केंद्र सरकार उसी व्यक्ति को राज्यपाल बनाकर पुरस्कृत कर रही है। यह उत्तराखंड की अस्मिता और हमारी बेटियों के सम्मान पर सीधा हमला है। हम इस फैसले का पुरजोर विरोध करते हैं और मांग करते हैं कि अंकिता को न्याय मिले और दोषियों को सख्त से सख्त सजा दी जाए।” ऑल इंडिया महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव शिल्पी अरोरा ने कहा, “भाजपा सरकार बेटी बचाओ का नारा तो देती है, लेकिन बेटियों को न्याय नहीं दे पाती। अंकिता हत्याकांड में आज तक वीआईपी का नाम उजागर नहीं किया गया। यह बेहद शर्मनाक है कि एक तरफ हम न्याय की मांग कर रहे हैं और दूसरी तरफ उसी प्रकरण से जुड़े व्यक्ति को राजभवन भेजा जा रहा है। अगर आज हम चुप रहे तो कल उत्तराखंड की कोई भी बेटी सुरक्षित नहीं रहेगी। कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर सदन तक इस लड़ाई को लड़ेगी।” उन्होंने आगे कहा कि यह कैंडल मार्च सिर्फ एक विरोध नहीं, बल्कि उत्तराखंड की माताओं-बहनों की आवाज है जो अपनी बेटियों के लिए सुरक्षा और न्याय मांग रही हैं। प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गदरपुर पुलिस स्टेशन के बाहर दो मिनट का मौन रखकर अंकिता की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस कैंडल मार्च में पूर्व विधायक प्रेमानंद महाजन, मनोज देवरारी, मोहित चौहान, मिक्की भगत, साहिल गुंबर, मो0 फैज़ान, शाकिर अली सहित बड़ी संख्या में ब्लॉक एवं नगर कांग्रेस के पदाधिकारी, महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के साथी मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.