
भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर (उधम सिंह नगर)। शिव नगर वार्ड नं. 2, चामुंडा देवी मंदिर से ट्रांजिट कैंप रोड तक बनने वाली सड़क निर्माण में गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता राकेश अधिकारी द्वारा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायत के अनुसार, विभाग द्वारा 450 मीटर सड़क निर्माण दिखाया गया, जबकि मौके पर केवल लगभग 400 मीटर सड़क ही बनाई गई है।


इस मामले में कागजी रिकॉर्ड और वास्तविक कार्य में अंतर होने से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिकायतकर्ता का कहना है कि 30 दिनों से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
शिकायत वर्तमान में संबंधित अधिकारियों को भेजी जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। शिकायतकर्ता ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और शेष सड़क का निर्माण जल्द से जल्द पूरा किया जाए।
स्थानीय जनता ने भी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप की मांग की है।




