Friday, October 16, 2026

रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की 100 सीटों को मिली मंजूरी, विधायक शिव अरोरा का एक ओर संकल्प हुआ साकार, मेडिकल कॉलेज मे मिष्ठान वितरण कर जतायी खुशी

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। पंडित राम सुमेर शुक्ल राजकीय मेडिकल कॉलेज, रुद्रपुर में एमबीबीएस की 100 सीटों को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय से मंजूरी मिलने के बाद क्षेत्र में खुशी की लहर है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर विधायक शिव अरोड़ा मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां चिकित्सकों और स्टाफ ने उनका स्वागत किया। वहीं, कार्यकर्ताओं ने विधायक को मिठाई खिलाकर बधाई दी और मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई का रास्ता साफ होने पर आभार जताया।

विधायक शिव अरोड़ा ने कहा कि वर्ष 2022 में विधायक बनने से पहले उन्होंने रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की कक्षाएं शुरू कराने का जो संकल्प लिया था, वह अब साकार हो गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय से 100 सीटों की मंजूरी मिलना रुद्रपुर के लिए चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे स्थानीय युवाओं को अपने क्षेत्र में ही चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा और भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी।

विधायक ने बताया कि विगत दिनों मेडिकल कॉलेज प्रबंधन की ओर से केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के समक्ष वर्चुअल माध्यम से अपना पक्ष रखे जाने के बाद कॉलेज को एमबीबीएस की 100 सीटों की मंजूरी मिली है। इससे वर्ष 2027 से यहां एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू होने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए अत्यंत आनंद और संतोष का विषय है कि वर्षों से किए जा रहे प्रयास अब परिणाम तक पहुंचे हैं।

मुख्यमंत्री धामी और सांसद अजय भट्ट का जताया आभार

शिव अरोड़ा ने इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके कुशल नेतृत्व, दृढ़ इच्छाशक्ति और प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के प्रति प्रतिबद्धता से यह संभव हो पाया है। नैनीताल लोकसभा सांसद अजय भट्ट के विशेष प्रयासों और मार्गदर्शन को भी उन्होंने महत्वपूर्ण बताते हुए उनका आभार जताया। विधायक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के सहयोग के लिए भी धन्यवाद व्यक्त किया।

मेडिकल कॉलेज की प्रगति पर लगातार रखी नजर

विधायक शिव अरोड़ा ने कहा कि रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज के निर्माण और उसकी प्रगति को लेकर वह शुरुआत से ही गंभीर रहे हैं। ऐसा कोई सप्ताह नहीं बीतता था, जब उनकी प्राचार्य से निर्माण कार्य और व्यवस्थाओं को लेकर बातचीत न होती हो। वह नियमित रूप से कॉलेज की प्रगति की जानकारी लेते रहे और समय-समय पर मेडिकल कॉलेज पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा भी लेते रहे। उनका लगातार प्रयास रहा कि निर्माण कार्य में तेजी आए और यहां जल्द से जल्द एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू हो सके।

उन्होंने कहा कि लंबे समय से किए जा रहे प्रयास अब सार्थक सिद्ध हुए हैं। एमबीबीएस की 100 सीटों की मंजूरी केवल मेडिकल कॉलेज की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों के लिए गर्व का विषय है। इससे क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा का विस्तार होगा और स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की संभावनाएं मजबूत होंगी।

मिठाई खिलाकर जताई खुशी

मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर चिकित्सकों और स्टाफ ने विधायक शिव अरोड़ा का बुके देकर स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई दी तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और विधायक शिव अरोड़ा के समर्थन में नारे लगाकर इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर की। कार्यकर्ताओं ने मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की 100 सीटों को मंजूरी दिलाने की दिशा में किए गए प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया।

 

इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. चंद्र प्रकाश भैसोड़ा, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. सुमन कुमारी पांडेय, विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह, डॉ. आदित्य चौहान, डॉ. वी.के. द्विवेदी, डॉ. सृजन श्रीवास्तव, डॉ. वरुण प्रसाद सहित अन्य चिकित्सक एवं स्टाफ, भाजपा नेता गुन्नू चौधरी, पार्षद कैलाश राठौर, राजेंद्र राठौर, राधेश शर्मा, नरेश उप्रेती, निमित शर्मा, महेंद्र आर्य, शंकर विश्वास, सतनाम सिंह, सुनील यादव, जीतेन्द्र चौहान, मनोज मदान, संदीप राव, नितेश गुप्ता, मयंक कक्कड़,विक्की राघव, एमपी मौर्य आदि लोग मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.