भोंपूराम खबरी। गुजरात के कच्छ जिले में शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के रहने वाले सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में तीन मासूम बच्चे, दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। बताया जा रहा है कि सभी मृतक सेना के तीन जवानों के परिवारों से संबंधित थे। हादसे की खबर मिलते ही उत्तराखंड में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, सभी लोग गुजरात के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सफेद रण घूमने के बाद खावड़ा से भुज लौट रहे थे। इसी दौरान वेकरिया के रण क्षेत्र के पास उनकी कार की सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन दो हिस्सों में बंट गया। हादसे में कार सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और शव सड़क पर बिखर गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। कार के मलबे में फंसे शवों को बाहर निकालने के लिए बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता (30) और उनकी करीब तीन माह की मासूम बेटी शिविका के रूप में हुई है। सौरभ सिंह नेगी गढ़वाल रेजिमेंट में तैनात थे। इनके अलावा राजेश सिंह रावत (35), उनकी सात वर्षीय बेटी रक्षिता, रिंकी गोसाई (30) और उनकी चार वर्षीय बेटी वामिका की भी इस दुर्घटना में मौत हो गई।





