Monday, August 31, 2026

लगातार बारिश से शहर हुआ जलमग्न, खुली निगम के दावों की पोल 

Share

भोंपूराम खबरी, रुद्रपुर।  बीते 24 घंटे से रुक-रुक कर हो रही बारिश से जन जीवन अस्त व्यस्त हो चुका है। शहर के निचले हिस्से के घरों में पानी प्रवेश कर गया। मुख्य बाजार समेत कई मोहल्लों में सड़को पर दो से तीन फीट पानी का जमावड़ा हो चुका है। सबसे ज्यादा परेशानी लॉकडाउन के दौरान कोविड के चलते होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों के तीमारदारों को हुई जो दवाएं लेने घर से नहीं निकल सके।

बुधवार रात से शुरू हुई बारिश से पूरा इलाका जलमग्न हो गया। शहर से लेकर मलिन बस्तियों तक सड़कों पर पानी ही पानी था। जिससे लोगों को कई दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। मोहल्ला ट्रांजिट कैंप, गावा चौक, रविन्द्र नगर, सिविल लाइन्स, मुख्य बाजार तथा रेलवे कालोनी में एक से दो फुट तक पानी भर गया है। उधर, बारिश के चलते दीवार गिरने से से बाजपुर के रम्पुराकाजी गाँव में दो लोगों की मौत हो गयी।

बारिश से मुख्य बाजार और आवास विकास की स्थिति खराब है। यहाँ के निवासियों का आरोप है कि कई बार कहे जाने के बावजूद निगम ने इन इलाकों में नाले का निर्माण नहीं कराया है जिससे पानी यहां भरता है। बेमौसमी बारिश ने रुद्रपुर नगर निगम के तमाम दावों की पोल ख़िल कर रख दी है। बीते 24 घंटे में हुई झमाझम बारिश से नाले-नालियां और निचले स्थानों पर सड़कें-गलियां लबालब हो गई। जगह-जगह जलभराव से घंटोंं जनजीवन ठहरा रहा और इस वजह से कोरोना मरीजों के परिजन व तीमारदार खासे परेशान हुए। अपने कोरोना पीड़ित बेटे की दवाई लेने आदर्श कालोनी से मुख्य बाजार पहुंची आशा नारंग का कहना था कि वह पैदल यहाँ तक पहुंची लेकिन जल भराव के कारण उनके कपडे भीग गए और तेज बारिश होने व कोई सवारी न मिलने से वह समय पर घर नहीं पहुँच पा रही है।

उल्लेखनीय है कि मौसम विभाग ने मंगलवार को ही पूरे प्रदेश में रेड अलर्ट जारी कर दिया था। हाल ही में आये चक्रवाती तूफ़ान तौक्ते के प्रभाव के कारण प्रदेश के ऊपरी भाग में अलग-अलग कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण भारी बारिश की आंशका जताई थी। जिसके अनुसार बारिश अभी एक दिन और जारी रह सकती है।

Read more

Local News

Translate »