Wednesday, July 30, 2025

होलिका दहन का पर्व श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाया 

Share

भोंपूराम खबरी, रुद्रपुर। रंगों के पर्व होली से पूर्व रविवार की देर शाम शहर में होलिका दहन का आयोजन हुआ। त्योहार के कारण बाजारों में खरीदारों का रेला उमड़ रहा है। सभी लोग अपनी-अपनी हैसियत के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं। वहीं पुलिस-प्रशासन भी सतर्कता बरते हुए हैं। दूसरी तरफ लोगों के घरों से गुजिया, मिठाई व अन्य सामान की खुशबू आने लगी है।

शहर में होलिका दहन का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर दोपहर को महिलाओं ने होलिका की पूजा की। विभिन्न स्थानों पर होलिका आयोजित कर कच्चा सूत बांधा गया व शाम होते ही होलिका दहन किया गया। इस मौके पर लोगों ने एक दूसरों को गुलाल लगाया व होली की बधाई दी वहीं ढोल की थाप पर जमकर नृत्य किया व ठंडाई का आनंद लिया। शहर के अधिकांश चौराहों और मैदानों में होलिका दहन के लिए लोगों ने लकड़ियों के ढेर लगाए। सामाजिक संगठनों के साथ ही लोग घरों से लकड़ी लेकर इन स्थानों पर पहुंचे और पूजा अर्चना की। इसके अलावा होलिका के लिए बनी लकड़ियों का ढेर के चारों और रंगोली बनाकर सजाने का कार्य किया गया। विशेष पूजन के साथ शाम को मुहूर्त के अनुसार होलिका दहन किया गया।

जिले के एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने बताया कि होली के अवसर पर सभी स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। जो स्थान संवेदनशील व अतिसंवेदनशील की श्रेणी में हैं वहां पीएसी को तैनात किया जायेगा। उन्होंने सख्त हिदायत दी है कि किसी भी जगह पर उपद्रव नहीं होना चाहिए। यदि ऐसा कोई करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने विभाग के अफसरों को भी चेतावनी दी कि वह पूरी तरह से अपने-अपने क्षेत्रों में अलर्ट रहें। कहीं से कोई शिकायत मिलती है तो उसका तत्काल निस्तारण कराएं।

विधान पूजा के बाद शाम छह बजकर 36 मिनट से रात आठ बजकर 56 मिनट तक शुभ मुहूर्त के अनुसार होलिका दहन का मुहूर्त रहा। होलिका दहन का शुभ मुहूर्त दो घंटे 19 मिनट का था। इस बार भद्रा की छाया भी नहीं रही। —-पंडित भुवन चन्द्र जोशी, पूर्व शास्त्री श्री शिव शक्ति मंदिर

 

Read more

Local News

Translate »