Sunday, November 29, 2026

खुरपिया में बुलडोजर चलने से पहले लोगों को जमीन, मकान और पट्टे दिलाऊंगा : विधायक तिलक राज बेहड़

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,किच्छा। ग्रामीण जनसंवाद कार्यक्रम के तहत विधायक तिलक राज बेहड़ ने खुरपिया, भुड़ागौरी, नई कॉलोनी देविरिया, चंदन नगर एवं देविरिया मंदिर सहित विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान आजादनगर पहुंचने पर ग्रामवासियों ने विधायक तिलक राज बेहड़ एवं नगर पालिका अध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह का ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया। विधायक तिलक राज बेहड़ को लड्डुओं से तौला गया तथा तलवार भेंटकर सम्मानित किया गया। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह को गदा भेंट की गई। कार्यक्रम में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं अतिथियों का भी फूल-मालाओं से स्वागत और अभिनंदन किया गया।

इस दौरान विधायक ने आजादनगर मोटर मार्ग के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। 1190 मीटर लंबे इस मार्ग के निर्माण पर 50.97 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

खुरपिया क्षेत्र में जमीन और पट्टों के मुद्दे पर विधायक तिलक राज बेहड़ ने दो टूक कहा कि खुरपिया में बुलडोजर चलने से पहले वह उनके ऊपर चलेगा। प्रभावित परिवारों को जमीन, मकान और रहने की जगह उपलब्ध कराए बिना किसी को वहां से हटने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर वह शासन और सरकार को करीब 20 बार पत्र लिख चुके हैं और विधानसभा में भी लगातार आवाज उठाई है। कांग्रेस सरकार के समय पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत द्वारा यहां लगभग 450 एकड़ जमीन आरक्षित की गई थी, लेकिन भाजपा सरकार लोगों को उनका अधिकार देने में विफल रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर छह महीने के भीतर जमीन और पट्टों के मामले का समाधान कराने के लिए ठोस कार्रवाई की जाएगी।

 

आजादनगर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि उनका राजनीतिक जीवन जनता की सेवा और विकास को समर्पित रहा है। उन्होंने कभी यह भेदभाव नहीं किया कि किस क्षेत्र से उन्हें वोट मिले और किस क्षेत्र से नहीं। आजादनगर में भी उनके प्रयासों से कई सड़कें बनवाई गई हैं और आगे भी क्षेत्र की सभी गलियों एवं प्रमुख मार्गों का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने श्मशान घाट के विकास, मंदिर में शेड निर्माण और अन्य जरूरी कार्यों के लिए विधायक निधि एवं नगर पालिका के माध्यम से सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

 

उन्होंने कहा कि राजनीति में आलोचना करने के बजाय विकास के मामले में प्रतिस्पर्धा होनी चाहिए। यदि कोई उनसे अधिक विकास कार्य करता है तो वह उसका स्वागत करेंगे। पिछले दस वर्षों में क्षेत्र के लोगों ने कई बार भाजपा को अवसर दिया, लेकिन विकास के मामले में जनता को अपेक्षित परिणाम नहीं मिले। तराई को बसाने और संवारने में हमारे बुजुर्गों एवं स्वतंत्रता सेनानियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है, उनका सम्मान होना चाहिए। अपने राजनीतिक और व्यक्तिगत हितों के लिए इतिहास एवं बुजुर्गों के योगदान को नजरअंदाज करना उचित नहीं है।

 

विधायक ने क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और दिनदहाड़े गोलीबारी पर भी गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि घनी आबादी वाले क्षेत्रों में सरेआम गोलियां चलना बेहद गंभीर मामला है। स्कूल से बच्चों के आने-जाने के समय इस तरह की घटनाएं आम नागरिकों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने कहा कि अपराधियों को संरक्षण देने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। शहर में भय और दहशत का माहौल किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनता का सहयोग मिले तो वह अपराध और गुंडागर्दी के खिलाफ मजबूती से लड़ाई लड़ने को तैयार हैं।

 

उन्होंने कहा कि विधायक का काम केवल भाषण देना नहीं, बल्कि जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनना और उनका समाधान कराना है। आजादनगर सहित पूरे क्षेत्र में सड़क, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में जनता से विकास, भाईचारे और अधिकारों की लड़ाई में कांग्रेस का साथ देने की अपील करते हुए कहा कि जनता सहयोग करे तो क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देने की जिम्मेदारी उनकी होगी।

 

इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गुलशन सिंधीविक्रांत फुटेला,,चंदन पांडे, मुकेश फुटेला, गुड्डू तिवारी, ,सुरेन्द्र खुराना संतोष अधिकारी, कुंवर पाल, राजेश पाल, उदयवीर, गुरचरण सिंह, जितेंद्र संधू, मेजर सिंह, बलदेव राज पटेला, गुलशन सिंधी, मुकेश, जगदीश, विजय अहूजा, मोहनलाल,चेतन शर्मा,अमित कालरा, बलवंत मुजाल, राजीव फुटेला, महेश चंद्र, रामजीवन पासवान, कारक सिंह, मुमताज सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.