भोंपूराम खबरी,चंपावत। स्वाला के पास टनकपुर रोड पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। उत्तर प्रदेश नंबर की महिंद्रा XUV300 कार (UP32MC7924) अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 20 से 30 मीटर नीचे खाई में जा गिरी और पेड़ पर अटक गई। हादसे के दौरान कार में पांच लोग सवार थे। इनमें से चार लोग सुरक्षित बाहर निकलकर सड़क तक पहुंच गए, जबकि एक व्यक्ति वाहन से छिटककर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट चंपावत से उप निरीक्षक प्रेम उपरारी के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने दुर्गम और गहरी खाई में उतरकर सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया। एसडीआरएफ जवानों ने काफी मशक्कत के बाद खाई में गिरे व्यक्ति को बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया।
मृतक की पहचान अजीत कुशवाहा (निवासी गोंडा, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। रेस्क्यू टीम को वह मृत अवस्था में मिला। इसके बाद एसडीआरएफ ने शव को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए मौके पर मौजूद पुलिस के सुपुर्द कर दिया।





