भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। एआरटीओ कार्यालय के बाहर दो निजी कारों को ही अवैध दफ्तर बनाकर वाहन स्वामियों से सरकारी काम कराने के नाम पर वसूली का खेल चल रहा था। लैपटॉप और प्रिंटर के जरिए वाहन संबंधी दस्तावेज तैयार कराने का दावा करने वाले दो आरोपियों को एसटीएफ कुमाऊं यूनिट ने पंतनगर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 75 वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी), सात ड्राइविंग लाइसेंस और 19 फॉर्म-30 समेत बड़ी संख्या में दस्तावेज बरामद हुए हैं।
एसटीएफ के मुताबिक, दोनों आरोपी एआरटीओ कार्यालय से संबंधित काम कराने के नाम पर वाहन स्वामियों से संपर्क करते थे। सरकारी शुल्क की सही जानकारी छिपाकर निर्धारित फीस से अधिक रकम वसूलते थे। दोनों ने जिला सैनिक विश्राम गृह के गेट के पास अपने निजी वाहनों को ही अस्थायी कार्यालय बना रखा था।
एसटीएफ को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रुद्रपुर स्थित एआरटीओ कार्यालय के समीप दो अलग-अलग वाहनों में बैठे कुछ लोग आरसी, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य दस्तावेज बनवाने के नाम पर लोगों से अतिरिक्त धनराशि वसूल रहे हैं। सूचना पर एसटीएफ कुमाऊं यूनिट ने पंतनगर पुलिस के साथ संयुक्त टीम बनाकर मौके पर दबिश दी।
पुलिस ने दोनों वाहनों की घेराबंदी कर तलाशी ली तो एक वाहन में प्रवीण बाछाड़ पुत्र विकास बाछाड़ निवासी चंदीपुर विजयपुर, दिनेशपुर मिला। दूसरे वाहन में लैपटॉप पर काम कर रहे पंकज कांति सेन पुत्र स्व. स्वदेश कांति सेन निवासी वार्ड नंबर तीन, ट्रांजिट कैंप को पकड़ा गया।
निजी लैब से बनवाते थे डुप्लीकेट दस्तावेज
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आरटीओ से जुड़े काम कराने के नाम पर वाहन स्वामियों से संपर्क करते थे और वास्तविक सरकारी शुल्क से अधिक रकम वसूलते थे। एसटीएफ के अनुसार, कुछ डुप्लीकेट आरसी और ड्राइविंग लाइसेंस निजी लैब से तैयार करवाकर वाहन स्वामियों को उपलब्ध कराने की बात भी सामने आई है। इस खुलासे के बाद एसटीएफ अब पूरे नेटवर्क की पड़ताल मे जुट गई है। बरामद दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गतिविधि में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा अब तक कितने वाहन स्वामियों से अवैध वसूली की गई है।
यह हुई बरामदगी
एसटीएफ ने आरोपियों के कब्जे से 75 वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी), सात ड्राइविंग लाइसेंस, 19 फॉर्म-30, इनके साथ संलग्न आरसी, आधार कार्ड और पैन कार्ड बरामद किए हैं। इसके अलावा एक लैपटॉप, प्रिंटर, माउस, लैपटॉप एडॉप्टर, इंटरनेट डिवाइस और घटना में इस्तेमाल किए गए दो वाहन भी कब्जे में लिए गए हैं।
अधिकृत माध्यमों से ही कराएं सरकारी काम
एसटीएफ ने आमजन से अपील की है कि आरटीओ अथवा अन्य सरकारी कार्यालयों से संबंधित कार्य केवल अधिकृत माध्यमों से कराएं। किसी अनजान व्यक्ति को अतिरिक्त धनराशि देने या महत्वपूर्ण दस्तावेज सौंपने से बचें। सरकारी काम के नाम पर अवैध वसूली या धोखाधड़ी की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करें। एसटीएफ ने बताया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। इसके लिए मोबाइल नंबर 9412029536 पर संपर्क किया जा सकता है।





