भोंपूराम खबरी,किच्छा । ग्रामीण जनसंवाद कार्यक्रम के तहत विधायक तिलक राज बेहड़ ने शुक्रवार को आनंदपुर कटिंग, आनंदपुर, राधानगर, गौरीकलां, श्याम कॉलोनी एवं महाराजपुर का दौरा कर ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने करीब 2 करोड़ 11 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात देते हुए तीन महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया तथा विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया।
विधायक तिलक राज बेहड़ ने जिन तीन सड़कों के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया, उनमें किच्छा के लालपुर-नगला मार्ग से श्मशान घाट होते हुए गौरीकलां (खुर्पिया) मार्ग तथा मदान जी के खेत तक संपर्क मार्ग का 2.300 किलोमीटर लंबाई में प्रीमिक्स कारपेट द्वारा पुनर्निर्माण कार्य शामिल है, जिसकी लागत 98.37 लाख रुपये है। इसके अलावा ग्राम आनंदपुर से जी.एस.पी. स्कूल तक 0.735 किलोमीटर लिंक मार्ग का पुनर्निर्माण कार्य, जिसकी स्वीकृत लागत 33.57 लाख रुपये है तथा महाराजपुर से कनकपुर तक 2.050 किलोमीटर मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण कार्य, जिसकी स्वीकृत लागत 71.70 लाख रुपये है, का भी शिलान्यास किया।
इस दौरान विधायक ने आनंदपुर कटिंग में 5 लाख रुपये की लागत से आंबेडकर पार्क की चाहरदीवारी, ग्राम गौरीकलां में 80 हजार रुपये की लागत से शहीद देव बहादुर गेट के सौंदर्यीकरण तथा ग्राम महाराजपुर स्थित मंदिर में 2.01 लाख रुपये की लागत से चोटी निर्माण कार्य का लोकार्पण किया।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक तिलक राज बेहड़ ने अपने पुराने कार्यकाल के विकास कार्यों को याद करते हुए कहा कि आज यहां कई बुजुर्ग और पुराने साथी बैठे हैं, जिन्होंने वह दौर देखा है जब गांव में झोपड़ियां हुआ करती थीं और सड़क नाम की कोई चीज नहीं थी। उस समय उन्होंने झोपड़ियों के बीच सीसी सड़कों का निर्माण कराया था। लोग यह देखने आते थे कि आखिर कौन सा गांव है, जहां झोपड़ियों के बीच पक्की सीसी सड़कें बन गई हैं। बाद में धीरे-धीरे लोगों के मकान पक्के बने। उन्होंने कहा कि बिजली, स्कूल और जनमिलन केंद्र जैसी सुविधाएं भी उनके प्रयासों से गांव तक पहुंचीं तथा पुल निर्माण के लिए लंबी लड़ाई लड़ी गई।
बेहड़ ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में क्षेत्र के विकास की रफ्तार थम गई थी और कई विकास कार्य प्रभावित रहे, लेकिन उनके दोबारा विधायक बनने के बाद विकास की गाड़ी फिर पटरी पर लौट आई है। आज एक बार फिर क्षेत्र में सड़कों का निर्माण और पुनर्निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि विकास एक निरंतर प्रक्रिया है और सड़कें बनती तथा समय के साथ सुधरती रहेंगी। पात्र लोगों को एक-एक करके पट्टे दिलाए जाएंगे। जनमिलन केंद्र के लिए जगह के विवाद के चलते वापस गई धनराशि से बारात घर और छठ घाट का कार्य भी पूरा कराया जाएगा। उन्होंने हरीश रावत के मुख्यमंत्री रहते हुए 485 एकड़ भूमि को लेकर शुरू की गई लड़ाई जारी रखने की बात भी कही।
विधायक ने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए एसडीएम को पत्र भेजकर तहसीलदार से मौके पर जांच कराई जाएगी।
अपने संबोधन में उन्होंने चुनाव और राजनीतिक विरोध को लेकर भी तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ाना कोई पाप नहीं है। उन्होंने हमेशा क्षेत्र के विकास के लिए काम किया है, लेकिन आज उनके और उनके साथ चुनाव लड़ाने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस की मौजूदगी में हमले हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार से लेकर पुलिस प्रशासन तक सत्ता पक्ष के दबाव में काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि चाहे कितनी भी बार हमला कर लिया जाए, जनता इसका जवाब देगी। हमें किसी से लड़ाई या गोली चलाने की जरूरत नहीं है, जनता का साथ और विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।
उन्होंने आश्वस्त किया कि द्वारका का कार्य पूरा हो चुका है और सड़क का काम भी जल्द दोबारा शुरू होगा। क्षेत्र का कोई भी विकास कार्य रुकने नहीं दिया जाएगा और जनता के सहयोग से विकास की यह गति लगातार जारी रहेगी।
इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष गुलशन सिंधी, जिला पंचायत सदस्य प्रेम आर्य, मेजर सिंह, गुरुदास कालरा, वे छाबड़ा, मुन्ना तिवारी, सरवन भगत, शिवाजी सिंह, दिनेश कुमार, अशोक चुघ, रवि कुशवाहा, राम बहादुर, अनिल कुमार, भगवान सिंह, जितेंद्र पांडे, राजकुमार पांडे, जितेश राय सहित अनेक गणमान्य लोग एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।





